योगी जी ने माफियाओं को ठीक किया, इसलिए इनको ‘बुलडोजर बाबा’ कहते…लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर के उद्घाटन पर बोले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह

UP: शुक्रवार को लखनऊ में 57 किलोमीटर लंबे ग्रीन कॉरिडोर का लोकार्पण रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi) ने किया। झूलेलाल पार्क में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के कई मंत्री और भाजपा पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस परियोजना को शहर के यातायात को सुगम बनाने और विकास को गति देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

लखनऊ–कानपुर यात्रा होगी तेज

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस कॉरिडोर और आगामी एक्सप्रेसवे के शुरू होने के बाद लखनऊ से कानपुर की दूरी तय करने में केवल 35 से 45 मिनट का समय लगेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि लोग उन्हें ‘बुलडोजर बाबा’ के नाम से जानते हैं, क्योंकि उन्होंने माफियाओं के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। उन्होंने यह भी कहा कि बुलडोजर केवल अवैध निर्माण हटाने का प्रतीक नहीं है, बल्कि नए विकास की नींव रखने का माध्यम भी बनता है।

Also Read: यूपी सरकार ने किया गो हत्यारों व तस्करों का खात्मा, सलाखों के पीछे धकेले गए 35 हजार से ज्यादा आरोपी

डिफेंस सेक्टर में बढ़ेगी लखनऊ की भूमिका

राजनाथ सिंह ने कहा कि रक्षा क्षेत्र में भी लखनऊ तेजी से आगे बढ़ रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल और एयरोस्पेस से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्य अब लखनऊ में किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि ब्रह्मोस की टेस्टिंग और इंटीग्रेशन से जुड़ी सुविधाएं भी शहर में विकसित की जाएंगी, जिससे देश की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी।

कब्जा हटाकर तैयार हुआ विकास प्रोजेक्ट

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह परियोजना प्रशासन की जमीन से अवैध कब्जे हटाकर तैयार की गई है और इसके लिए सरकार को अलग से धन देने की जरूरत नहीं पड़ी। उन्होंने कहा कि लखनऊ को एआई सिटी के रूप में विकसित करने की योजना भी तैयार है। साथ ही स्वच्छता के क्षेत्र में शहर की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था बेहतर हुई है और पिछले साल स्वच्छता रैंकिंग में लखनऊ को तीसरा स्थान मिला था।

( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)