रायबरेली में करंट लगने से युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

रायबरेली: गुरबख्शगंज थाना क्षेत्र के मलिक मऊ चौबारा गांव में शुक्रवार को एक बड़ा हादसा हो गया। घर में काम करने के दौरान अचानक बिजली के करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

​काम के दौरान लगा तेज झटका

जानकारी के अनुसार, मलिक मऊ चौबारा निवासी राजेंद्र कुमार त्रिवेदी शुक्रवार को अपने घर पर किसी काम में व्यस्त थे। इसी दौरान वह अचानक घरेलू बिजली के तार की चपेट में आ गए। करंट का जोरदार झटका लगते ही वह अचेत होकर जमीन पर गिर पड़े।

Also Read: Fatehpur: पत्नी से विवाद में ससुराल पहुंचा पवन, सोते समय पांच पर बांका से किए ताबड़तोड़ वार

​डॉक्टरों ने अथक प्रयास के बाद घोषित किया मृत

घटना घटते ही परिजनों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में परिजनों ने एंबुलेंस को सूचना दी और अचेत अवस्था में राजेंद्र को नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जतुवा टप्पा लेकर पहुंचे। सीएचसी में तैनात चिकित्सक डॉ. जितेंद्र ने युवक को बचाने के लिए काफी देर तक सीपीआर दिया और हर संभव चिकित्सीय प्रयास किए। हालांकि, शरीर में कोई हलचल न होने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

​पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अस्पताल प्रशासन की ओर से दी गई सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया। युवक की अचानक हुई मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)