कोसीकलां, मथुरा : मथुरा जिले के थाना कोसीकलां पुलिस ने लोगों को झांसे में लेकर ठगी करने वाले एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से पीली व सफेद धातु के आभूषण तथा नकदी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
प्रभारी निरीक्षक कमलेश सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह चेकिंग के दौरान कोसी-नंदगांव रोड स्थित सुरवारी गांव के बाहर से आरोपी विवेक को गिरफ्तार किया। आरोपी गांव दलौता, थाना शेरगढ़ का निवासी है और उसकी उम्र करीब 24 वर्ष बताई गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से तीन बैगों में रखे चार पीली धातु के कंगन, एक चैन, एक अंगूठी तथा सफेद धातु की तीन जोड़ी पायल बरामद हुईं। इसके अलावा आरोपी की लोवर की जेब से 9,400 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
बरामदगी के आधार पर थाना कोसीकलां में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के लिए अन्य थानों से भी संपर्क कर रही है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक कुंजन चौधरी, कांस्टेबल अक्षय तथा कांस्टेबल राकेश कुमार शामिल रहे।












































