दिल्ली पुलिस ने एआई इम्पैक्ट समिट (AI Impact Summit 2026) के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस (Youth Indian Congress) के दिल्ली अध्यक्ष उदय भानु चिब (Uday Bhanu Chib) को गिरफ्तार किया है। यह इस मामले में अब तक की आठवीं गिरफ्तारी है। चिब को गिरफ्तार करने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। इससे पहले सोमवार को ग्वालियर से तीन अन्य आरोपियों जितेंद्र यादव, राजा गुर्जर और अजय कुमार को गिरफ्तार किया गया था। इस प्रोटेस्ट में पहले ही चार अन्य यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया जा चुका था।
पुलिस ने मांगी सात दिन की कस्टडी
दिल्ली पुलिस ने चिब की सात दिन की कस्टडी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि चिब ने विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई और अन्य प्रदर्शनकारियों को लॉजिस्टिक मदद दी। वरिष्ठ वकील संजय घोष ने चिब की ओर से दलील दी कि उनका मुवक्किल फरार नहीं है और दिल्ली में ही मौजूद है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदर्शनकारियों ने बिना हथियार या लाठी के वहां पहुंचकर शांतिपूर्ण ढंग से विरोध किया, इसलिए इसे दंगा जैसा बताना गलत है।
मामला क्राइम ब्रांच को ट्रांसफर
सूत्रों के मुताबिक, इस केस की जांच अब दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मामले में व्यापक साजिश के पहलू भी जांचे जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने हॉल नंबर-5 के लॉबी में प्रवेश किया और कमीज़ के नीचे टी-शर्ट पहनकर नारे लगाए। इस दौरान उन्होंने काले रंग की छतरियों और स्टिकर का उपयोग करके प्रवेश करने की योजना बनाई थी।
टी-शर्ट पर नारे और पोस्टर
प्रदर्शनकारियों ने कमीज़ हटाकर टी-शर्ट पर लिखे नारे दिखाए। इन टी-शर्ट पर ‘पीएम इज कॉम्प्रोमाइज्ड’, ‘भारत-अमेरिका व्यापार समझौता’ और ‘एप्स्टीन फाइल्स’ जैसे संदेश थे। पुलिस का दावा है कि कुछ प्रदर्शनकारियों ने ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों के साथ मारपीट भी की। जांच में वित्तीय लेन-देन और प्रदर्शन की पृष्ठभूमि भी सामने आ रही है।
पहले से गिरफ्तार आरोपियों की जानकारी
दिल्ली पुलिस ने पहले ही चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इनमें बिहार से नेशनल सेक्रेटरी कृष्ण हरि, स्टेट सेक्रेटरी कुंदन यादव, उत्तर प्रदेश से स्टेट प्रेसिडेंट अजय कुमार और तेलंगाना से नरसिम्हा यादव शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कर कार्यक्रम स्थल में प्रवेश किया था। पुलिस ने उनकी गाड़ियों और जगहों से विरोध प्रदर्शन में इस्तेमाल की गई टी-शर्ट और पोस्टर भी बरामद किए हैं।












































