चंदौली: मुगलसराय के सर्कस रोड पर सोमवार को एक स्कूल बस की टक्कर से दो छात्राएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।
घायल छात्राएं एलबीएस बालिका इंटर कॉलेज की बताई जा रही हैं। दोनों के सिर में चोटें आई हैं। उन्हें तत्काल पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि यह बस सेंट अल हनीफ स्कूल की थी। हादसे के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घायल दोनों छात्राएं सर्कस रोड इलाके की ही निवासी हैं।
स्थानीय लोगों की मदद से छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया गया। मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही है और फरार बस चालक की तलाश जारी है।










































