सीतापुर में दीवार में सेंध लगाकर लाखों की चोरी, सोते रहे घरवाले और चोर ले उड़े नकदी-जेवर

सीतापुर: उत्तर प्रदेश के सीतापुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां संदना थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दीवार में सेंध लगाकर घर में घुसे चोर लाखों का सामान समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।

सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र के भीखपुर गांव में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। चोरों ने घर में रखे करीब तीस हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती जेवरात पर हाथ साफ कर दिया।

बताया जा रहा है कि घटना के वक्त परिवार के लोग घर के अंदर ही सो रहे थे और चोर वारदात को अंजाम देकर आराम से फरार हो गए। सुबह जब परिजनों की नजर टूटी दीवार और बिखरे सामान पर पड़ी, तो उनके होश उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही चोरी का खुलासा करने का दावा कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।