झारखंड: राजस्थान के अलवर के बाद गोहत्या और गोमांस बेंचने का ताजा मामला झारखंड के पाकुड़ जिले से आ रहा है. जहां एक गांव में गौहत्या और गोमांस बेचने के आरोप में सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से 16 गायों को बचाया गया है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार, पाकुड़ के पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र प्रसाद बर्नवाल ने बताया कि पाकुड़ मुफस्सिल थाना अंतर्गत मणिरामपुर गांव में गोवध और मांस बेचे जाने के बारे में सूचना मिलने पर आवश्यक कार्रवाई के लिए एक टीम बनाई गई है.
साल 2015 से ही राज्य में गोवध और गोमांस की बिक्री पर प्रतिबंध है. पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र प्रसाद बर्नवाल ने बताया कि सोमवार तड़के गांव में तीन लोगों के घरों पर छापा मारा गया जिसमें 45 किलो ग्राम गोमांस, मरी हुई 4 गाय, 12 चाकू और 16 जिंदा गायों की बरामदगी हुई.
उन्होंने बताया कि हलीम शेख और सुकुर शेख सहित विभिन्न आरोपियों के घरों पर छापा मारा गया. आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )










































