UP: चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप बरामद हुआ है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक गगन राज सिंह के नेतृत्व में महादेवपुर रेलवे लाइन अंडरपास के पास की गई।
चार बोरियों में छिपाकर रखा गया था नशीला सिरप
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दयाशंकर (30) निवासी ग्राम जमालपुर, थाना मतसेना, जनपद फिरोजाबाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चार बोरियों में रखी 800-800 सीसी की कुल 100 शीशियां बरामद कीं, जिनमें लगभग 80 लीटर अवैध कोडीन कफ सिरप था। बरामदगी के बाद आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज मुकदमे में वैधानिक कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।
720 लीटर बरामदगी वाले मामले से जुड़ा है आरोपी
जांच में सामने आया कि यह गिरफ्तारी पहले पकड़ी गई 720 लीटर अवैध कोडीन और एस्कफ कफ सिरप की बड़ी खेप से जुड़ी हुई है। इससे पहले अलीनगर पुलिस ने रिंग रोड स्थित कोरी अंडरपास के पास एक लावारिस ट्रक से मुर्गी दाने की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई 72 पेटियों में 7,200 शीशियां बरामद की थीं। उसी मामले की विवेचना के दौरान दयाशंकर की संलिप्तता सामने आने पर उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रक संख्या UP74T4726 का चालक है। उसके अनुसार वाराणसी से गुवाहाटी जा रहे ट्रक में प्रयागराज के पास मुर्गी दाने की बोरियों के बीच अवैध कोडीन कफ सिरप लोड किया गया था, जिसे पश्चिम बंगाल पहुंचाना था। ट्रांसपोर्टर के निर्देश पर ट्रक रुकने के बाद उसने अपने साथियों के साथ कुछ खेप निकालकर अलग-अलग स्थानों पर छिपा दी थी।
अन्य तस्करों की तलाश में जुटी पुलिस
आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह बुधवार को छिपाकर रखे गए उसी माल को लेने पहुंचा था, जहां पहले से घात लगाए बैठी पुलिस टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस पूरे तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य संलिप्त लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

















































