UP: बलिया में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, सिकंदरपुर और मनियर पुलिस ने पॉक्सो व दुष्कर्म के दो वांछित आरोपी दबोचे

बलिया: जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. सिकंदरपुर और मनियर थाना पुलिस की टीमों ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पॉक्सो एक्ट और दुष्कर्म के मामलों में वांछित दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने दोनों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया.

सिकंदरपुर पुलिस ने वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार

सिकंदरपुर थाना पुलिस ने थाना क्षेत्र के बस स्टेशन के पास से दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार किया. आरोपी की तलाश में पुलिस टीम लगातार जुटी हुई थी. मुखबिर की सूचना पर उप निरीक्षक चंद्रशेखर यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सिकंदरपुर कस्बे के बस स्टेशन चौराहा और नगरा मोड़ के पास पान की गुमटी के निकट घेराबंदी की.

इसी दौरान पुलिस ने वाहन का इंतजार कर रहे एक संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोहम्मद जावेद पुत्र मोहम्मद हसनैन के रूप में हुई. पुलिस के अनुसार, आरोपी संबंधित मुकदमे में वांछित चल रहा था. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने उसका चालान कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

Also Read: सहारनपुर में चोरी की तीन वारदातों का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; एसी आउटडोर समेत चोरी का सामान बरामद

मनियर पुलिस ने नाबालिग को बरामद कर आरोपी को दबोचा

दूसरी कार्रवाई मनियर थाना क्षेत्र में हुई. पुलिस ने नाबालिग अपहृता की सकुशल बरामदगी के बाद दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया.

पुलिस के अनुसार, 1 जुलाई को नाबालिग लड़की की मां ने अपनी करीब 16 वर्षीय पुत्री को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू कर दी थी. पुलिस ने 28 जुलाई को नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया.

Also Read: ‘गृह मंत्री अमित शाह ने छात्रों पर गोली चलाने का आदेश दिया…’, बोले राहुल गांधी

नाबालिग के बयान और सामने आए साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में पॉक्सो एक्ट समेत अन्य गंभीर धाराओं की बढ़ोतरी की गई. इसके बाद मुख्य वांछित आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी.

29 जुलाई को मनियर थाना पुलिस बस स्टैंड क्षेत्र में मौजूद थी. इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मनियर बस स्टैंड के पास अंग्रेजी शराब की दुकान के सामने से भागने की फिराक में खड़े आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया.

गिरफ्तार आरोपी की पहचान छोटू कुमार राम उर्फ छोटू हरिजन पुत्र शिव दयाल राम के रूप में हुई. पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया.

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)