Epstein Files: अमेरिकी न्याय विभाग के दस्तावेज़ों से यह सामने आया है कि अमेरिकी निवेशक जेफ्री एपस्टीन (Jeffrey Epstein) और भारतीय उद्योगपति अनिल अंबानी (Anil Ambani) ने 2017 की शुरुआत से 2019 तक कई बातचीत मैसेज के जरिए की। दोनों ने व्यापार, वैश्विक मुद्दों और महिलाओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की और व्यक्तिगत रूप से मिलने की योजना बनाई। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, अंबानी ने 9 मार्च 2017 को एक संदेश में पूछा, ‘आप किसे सजेस्ट करेंगे?” एपस्टीन ने जवाब दिया, ‘एक लंबी, गोरी स्वीडिश लड़की, ताकि मुलाकात मजेदार हो।’ अंबानी ने 20 सेकंड से भी कम समय में जवाब दिया, ‘इसका इंतजाम कर दीजिए।’

पेरिस में संभावित मुलाकात
दस्तावेज़ों के मुताबिक, अंबानी और एपस्टीन ने 2017 में पेरिस में मिलने की संभावना पर चर्चा की, लेकिन यह मुलाकात कभी नहीं हुई। जनवरी 2018 में उन्होंने स्विट्जरलैंड के दावोस में विश्व आर्थिक मंच के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की प्रतिक्रिया पर भी विचार साझा किया।
न्यूयॉर्क में निजी मुलाकात
अंबानी ने मई 2019 में न्यूयॉर्क जाने की योजना बनाई, जिस पर एपस्टीन ने उन्हें मिलने का निमंत्रण भेजा। एपस्टीन ने कहा, ‘अगर आप कुछ लोगों से निजी तौर पर मिलना चाहें, तो मुझे बताएं।’ दस्तावेज़ों के अनुसार, अंबानी और एपस्टीन के बीच यह मुलाकात मैनहट्टन के अपर ईस्ट साइड स्थित एपस्टीन के घर पर हुई, जिसकी पुष्टि उनके सहायकों ने की।
किताबों से हुई शुरूआत
ब्लूमबर्ग न्यूज द्वारा पहले प्राप्त हजारों ईमेल के अनुसार, एपस्टीन ने 4 मार्च 2017 को अनिल अंबानी से संबंधित डिजिटल किताबें मंगाई थीं, जिनमें ‘अंबानी एंड संस’ और ‘स्टॉर्म्स इन द सी विंड’ ‘अंबानी वर्सेस अंबानी’ शामिल थीं। इन किताबों के माध्यम से उन्हें अंबानी परिवार का इतिहास और उनकी उच्च सामाजिक स्थिति के बारे में जानकारी मिली।


















































