‘त्योहारों पर अराजकता बर्दाश्त नहीं…’, होली, महाशिवरात्रि और रमजान को लेकर सीएम योगी का सख्त निर्देश

UP: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने आगामी होली, महाशिवरात्रि और रमजान जैसे प्रमुख पर्वों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रदेश में सभी त्योहार उत्साह और सौहार्द के साथ मनाए जाएं, लेकिन किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विशेष रूप से ब्रज क्षेत्र में होलिकोत्सव के दौरान उपद्रवियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं।

शोभायात्राओं और धार्मिक आयोजनों पर विशेष सतर्कता

मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देशित किया कि शोभायात्राओं में असामाजिक तत्वों की घुसपैठ रोकने के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए। होलिका दहन केवल पारंपरिक स्थलों पर ही हो, सड़क के बीच आयोजन की अनुमति न दी जाए। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी निरंतर निगरानी रखी जाए ताकि अफवाहों या भड़काऊ संदेशों पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। महाशिवरात्रि, रमजान, बोर्ड परीक्षाओं, जनगणना और कांवड़ यात्रा के दौरान भी सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखने को कहा गया।

Also Read: अब बिना PAN कार्ड नहीं होगी जमीन की रजिस्ट्री! उत्तर प्रदेश के इन जिलों में बदल गए नियम

प्रमुख शहरों में तैयारियों की समीक्षा

वाराणसी, मेरठ, लखीमपुर खीरी और बाराबंकी के जिलाधिकारियों से तैयारियों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री ने मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात नियंत्रण, पार्किंग और महिला सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड में रहेंगी तथा पर्याप्त संख्या में महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाएगी।

ध्वनि प्रदूषण और अवैध गतिविधियों पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि धार्मिक स्थलों पर लगे लाउडस्पीकरों की आवाज परिसर से बाहर न जाए। विवाह समारोहों में रात 10 बजे के बाद डीजे और तेज ध्वनि उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा धर्मस्थलों के आसपास भिक्षावृत्ति पर रोक लगाने और पुनर्वास योजना तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। अवैध शराब की बिक्री और सड़कों पर स्टंटबाजी पर भी सख्ती से रोक लगाने को कहा गया है। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश भी दिए गए।

Also Read: योगी सरकार ने किसानों को दिया डिजिटल तोहफा! ई-केसीसी से किसानों को बड़ी राहत, अब मिनटों में मिलेगा लोन

नकलविहीन परीक्षाएं और समयबद्ध तैयारियां

मुख्यमंत्री ने बोर्ड परीक्षाओं को पूरी तरह नकलमुक्त कराने पर जोर देते हुए कहा कि गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। रमजान, ईद, वासंतिक नवरात्र और राम नवमी के मद्देनजर समय रहते सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं। आगामी जनगणना को लेकर भी जिलाधिकारियों को सतर्क रहने और सभी विभागों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने के निर्देश दिए गए हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)