UP: दो दिनों से लापता सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव बाराबंकी से गिरफ्तार, जानिए किस मामले में पुलिस ने लिया एक्शन?

UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) की बाराबंकी पुलिस (Barabanki Police) ने समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय प्रवक्ता मनोज यादव (Manoj Yadav) को सफदरगंज क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। यादव पिछले दो दिनों से लापता बताए जा रहे थे। पुलिस ने उन्हें उनके साथियों के साथ हिरासत में लिया। यह कार्रवाई छेड़खानी के मामले से जुड़ी हुई है।

सुरक्षा व्यवस्था के बीच मेडिकल जांच

गिरफ्तारी के बाद सियासी गलियारे में हलचल मच गई। आरोपी का बड़ागांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मेडिकल परीक्षण कराया गया। परीक्षण के तुरंत बाद पुलिस की टीम उन्हें लखनऊ ले गई।

Also Read:‘इधर हथेली गर्म, उधर पुलिस नर्म…’, अखिलेश यादव ने यूपी की कानून व्यवस्था पर उठाए बड़े सवाल

छेड़खानी के आरोप में गिरफ्तारी 

बाराबंकी पुलिस के अनुसार, मनोज यादव के खिलाफ 11 फरवरी 2026 को सफदरगंज थाना में मुकदमा संख्या 50/26 दर्ज किया गया था। उनके खिलाफ धमकी देने और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करने सहित कई आरोप लगाए गए हैं। एक महिला ने यादव पर छेड़खानी और उत्पीड़न का आरोप लगाया था और साथ ही एससी/एसटी एक्ट के तहत भी मामला दर्ज कराया गया। इसी मामले में कार्रवाई करते हुए बाराबंकी पुलिस ने मनोज यादव को गिरफ्तार कर लिया।

परिवार ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी रिपोर्ट 

परिवार का कहना है कि मनोज काकोरी में तिलक समारोह में शामिल हुए थे और वहां से लौटने के बाद उनका मोबाइल बंद हो गया। पूरी रात संपर्क न होने पर परिवार ने लखनऊ के गोमती नगर विस्तार थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने तिलक समारोह के सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल लोकेशन खंगाली। अब पुलिस गायब होने और गिरफ्तारी के बीच की घटनाओं की कड़ियों को जोड़ रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)