UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में एक बार फिर हाउसिंग सोसाइटी से जुड़ी बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। गोरखपुर (Gorakhpur) के कैंट थाना क्षेत्र में टाइम सिटी मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड (Time City Multistate Cooperative Housing Society Limited) के नाम पर 12 लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाते हुए कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार रात दो निदेशकों को गिरफ्तार कर लिया है। इस प्रकरण में कंपनी के चेयरमैन और कप्तानगंज के पूर्व विधायक चंद्रप्रकाश शुक्ला समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।
पीड़ित का आरोप और ठगी का तरीका
गीडा थाना क्षेत्र के पेवनपुर छपिया निवासी राममिलन मौर्य ने तहरीर में बताया कि वर्ष 2010 में टाइम सिटी मल्टीस्टेट कोऑपरेटिव हाउसिंग सोसाइटी लिमिटेड और उससे जुड़ी संस्थाओं – टाइम सिटी इंफ्रास्ट्रक्चर एंड हाउसिंग लिमिटेड, रुपेश महेश्वरी एंड कंपनी तथा मिवान इंडस्ट्रीज ने भूखंड बिक्री और विभिन्न डिपॉजिट योजनाएं चलाई थीं। कंपनी का मुख्यालय जानकीपुरम लखनऊ और शाखा कार्यालय गोरखपुर के कैंट थाना क्षेत्र स्थित कबाड़ी मार्केट, कालेपुर में संचालित था।
राममिलन मौर्य के अनुसार कंपनी के चेयरमैन चंद्रप्रकाश शुक्ला, दीपचंद्र शुक्ला और अन्य निदेशकों ने आरबीआई लाइसेंस और जमीन से संबंधित फर्जी दस्तावेज दिखाकर निवेशकों को लुभाया। फिक्स डिपॉजिट, रेकरिंग डिपॉजिट और डेली डिपॉजिट योजनाओं के तहत छह वर्ष में रकम दोगुनी करने या दोगुनी कीमत के विकसित भूखंड की रजिस्ट्री का वादा किया गया।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि कंपनी ने जमा धनराशि को परिवार के सदस्यों के नाम फर्जी वाउचर तैयार कर नकद और बैंक खातों में ट्रांसफर कर गबन किया। गोरखपुर में सहयोगियों के नाम से जमीन खरीदने की बात भी सामने आई। जब राममिलन मौर्य ने अपनी रकम और प्लॉट की रजिस्ट्री की मांग की तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी।
Also Read: सूचना विभाग के मिनिस्टीरियल कर्मचारी संघ के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण
गिरफ्तार आरोपी
कैंट पुलिस ने बृहस्पतिवार रात दो निदेशकों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान लखनऊ के गोयल इन्क्लेव चिनहट निवासी अरविंद कुमार पांडेय और वासुदेवनगर चिनहट निवासी बृजेश शुक्ला के रूप में हुई है। बृजेश मूल रूप से सुल्तानपुर के कादीपुर बाबू का पूरा का रहने वाला है।
नामजद अन्य आरोपी
प्राथमिकी में पूर्व विधायक व कंपनी के चेयरमैन चंद्रप्रकाश शुक्ला, दीपचंद्र शुक्ला, निदेशक गुलाब चंद्र मौर्या, तृप्ति तिवारी, गुलाम मुर्तजा, संतोश कुमार अग्रहरी, गौरव कन्नौजिया, जितेंद्र कुमार, विनय और कर्मचारी सत्यावती, मिथिलेश, रमेश चंद्र यादव समेत कुल 14 लोग आरोपी बनाए गए हैं।
Also Read:गोरखपुर: बेड एंड ब्रेकफास्ट योजना को लेकर डीएम ने बुलाई अहम बैठक
पुलिस कार्रवाई और जांच
कैंट थाना पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। सीओ कैंट योगेंद्र सिंह ने बताया कि दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। नामजद अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सभी आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।












































