UP: उत्तर प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज भी हंगामा और राजनीतिक तंजबाजी देखने को मिली। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक (Brajesh Pathak) सपा विधायकों के सवालों पर भड़क गए और बोले, ‘सीधे-सीधे सवाल आएंगे तो सीधे-सीधे जवाब देंगे, राजनीतिक सवाल किए तो हम राजनीतिक रायता फैला देंगे।’ सपा विधायक कमाल अख्तर (Kamal Akhtar) ने तपाक से पूछा, ‘मंत्रीजी इतने बड़े पद पर हैं, इनके विभाग में रायता कहां बनता है?’ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना (Satish Mahana) ने बीच-बचाव करते हुए कहा कि मंत्री खाने-पीने की बात कर रहे हैं। इस पर ब्रजेश पाठक मुस्कुराने लगे।
सपा विधायकों की नारेबाजी और सवाल
सत्र के 9वें दिन बजट पर चर्चा के दौरान सपा विधायकों ने सरकार को घेरा। सपा विधायक रागिनी सोनकर ने महिलाओं और बच्चों में कुपोषण और एनीमिया के मुद्दे पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा, ‘महोबा में 1 लीटर दूध को एक बाल्टी पानी में मिलाकर बच्चों को दिया गया, क्योंकि आप लोग बजट कम दे रहे हैं। यह कब तक चलेगा? प्रतापगढ़ के सपा विधायक आरके वर्मा ने आंगनवाड़ी और आशा बहुओं के वेतन वृद्धि का सवाल किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल से आशा बहुओं ने सरकारी कर्मचारियों से ज्यादा योगदान दिया, लेकिन उन्हें परमानेंट नहीं किया गया।
स्वास्थ्य मंत्री का जवाब और अवधी में तंज
स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने जवाब देते हुए कहा कि भाजपा सरकार आने के बाद आशा वर्कर्स का वेतन दोगुना किया गया है। पहले 1 हजार रुपये मिलते थे, अब 2 हजार रुपये हो गए हैं। उन्होंने अवधी में तंज कसते हुए कहा, ‘सपा की सरकार चार बार रही, लेकिन उन्होंने कभी इस बारे में नहीं सोचा। ये लोग 2027 में सरकार की सोच रहे हैं, लेकिन ये कभी नहीं आएंगे। बस मुंगेरी लाल के सपने देखते रहें। इन्होंने सिर्फ गुमराह करके वोट लिया। सपा कभी जनता के साथ खड़ी नहीं हुई। ये लोग मुंबई से फिल्मस्टार बुलाते थे और बायोस्कोप लगाकर दिखाते थे।
डिप्टी सीएम का भड़कना और ‘रायता’ वाला तंज
आरके वर्मा बोल रहे थे तभी डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक खड़े हो गए। उन्होंने कहा, ‘सीधे-सीधे सवाल आएंगे तो सीधे-सीधे जवाब देंगे। राजनीतिक सवाल किए तो हम राजनीतिक रायता फैला देंगे।’सपा विधायक कमाल अख्तर ने तपाक से पूछा, मंत्रीजी इतने बड़े पद पर हैं, इनके विभाग में रायता कहां बनता है?’ विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने बीच-बचाव किया, ‘वे खाने-पीने की बात कर रहे हैं।’ यह सुनकर ब्रजेश पाठक मुस्कुराने लगे और सदन में हल्का माहौल बन गया।
निराश्रित महिलाओं की पेंशन बढ़ाने का ऐलान संभावित
वित्त मंत्री सुरेश खन्ना आज 1 करोड़ 6 लाख निराश्रित महिलाओं की पेंशन बढ़ाने का ऐलान कर सकते हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने 13 फरवरी को विधानसभा में इसका जिक्र किया था। उन्होंने कहा था कि निराश्रित महिलाओं की पेंशन बढ़ाने की योजना है। यह ऐलान बजट चर्चा के दौरान हो सकता है।
सदन में अनुपस्थिति और हंगामा
सत्ता पक्ष के 288 विधायकों में से 60 विधायक और मंत्री आज सदन में मौजूद नहीं थे। सत्ता पक्ष से ज्यादा विपक्ष के विधायक सदन में थे। सपा विधायकों ने लगातार नारेबाजी की और सरकार पर जनता के मुद्दों से ध्यान हटाने का आरोप लगाया।













































