‘पहले यूपी अपराध-अराजकता का गढ़ था, कर्फ्यू पहचान बन गया था’ ,योगी आदित्यनाथ ने साधा विपक्ष पर निशाना

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा के दौरान विधान परिषद में विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि 8.5 वर्ष पहले यूपी अपराध और अराजकता का गढ़ बन चुका था। कर्फ्यू यहां की पहचान बन गया था। सत्ता के संरक्षण में माफिया पल रहे थे और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन माफिया’ की स्थिति थी। न बेटियां सुरक्षित थीं, न व्यापारी। 2017 के बाद यूपी भय (फियर) जोन से विश्वास (फेथ) जोन में बदल गया है। अब न कर्फ्यू है, न दंगा है – यूपी में सब चंगा है।

पहले की सरकारों पर योगी का आरोप

सीएम योगी ने कहा कि पहले की सरकारों ने प्रदेश को अपराध का अड्डा बना दिया था। माफिया और अपराधी सत्ता के पैरलल अपनी सत्ता चलाते थे। बेटियां और व्यापारी असुरक्षित थे। उन्होंने तंज कसा कि आज यूपी टेक्नोलॉजी, ट्रस्ट और ट्रांसफॉर्मेशन की त्रिवेणी बनकर उभरा है। महाशिवरात्रि पर 40 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी में स्नान किया। आज श्रद्धालु प्रदेश में आते हैं, क्योंकि उन्हें व्यवस्था पर भरोसा है।

कानून-व्यवस्था में सुधार के आंकड़े

योगी ने कहा कि पहले फॉरेंसिक लैब सिर्फ दो थीं, आज 12 लैब ए-ग्रेड की चल रही हैं और 6 निर्माणाधीन हैं। सभी जनपदों में दो-दो फॉरेंसिक वैन संचालित हैं। पुलिस में 44 हजार से अधिक महिला पुलिसकर्मी हो गई हैं। पहले ट्रेनिंग सेंटर नहीं थे, अब आधुनिक बैरक और ट्रेनिंग सेंटर बनाए गए हैं। खपरैल वाले कमरे खत्म हो गए हैं।

सपा पर गाजी मियां और राम मंदिर का तंज

सीएम ने सपा पर करारा हमला बोला। कहा कि सपा के लोग गाजी के मेले का समर्थन करते हैं, जो भारत की संस्कृति को रौंदने आया था। उन्होंने कहा कि महाराज सुहेलदेव के नाम पर हमने विश्वविद्यालय बनाया, लेकिन सपा राम मंदिर का विरोध करती है, काशी विश्वनाथ का विरोध करती है। इनमें भारत की आस्था का कोई सम्मान नहीं है। संभल, बरेली, बौद्ध तीर्थ, प्रयागराज, काशी, मथुरा समेत सभी तीर्थों का विकास किया जा रहा है। आज यूपी की पहचान देव दीवाली से होती है।

राष्ट्रगान और वंदे मातरम पर योगी का बयान

योगी ने कहा कि यदि कोई भारत में रहता है लेकिन वंदे मातरम नहीं गाएगा या राष्ट्रगान का अपमान करेगा, तो यह संविधान का अपमान है। भारत के राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यदि कोई अपने फायदे के लिए उन आक्रांताओं का महिमामंडन करता है, जिन्होंने देश को नुकसान पहुंचाया, तो आज का भारत उसे स्वीकार नहीं करेगा।

विपक्ष के हंगामे पर योगी का पलटवार

योगी ने विपक्ष के हंगामे को “बेहद खराब व्यवहार” बताया। कहा कि विपक्ष राज्यपाल के अभिभाषण के दौरान हंगामा कर रहा है, जबकि सरकार विकास और कानून-व्यवस्था की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि यूपी में अब उत्सव प्रदेश बन गया है। पहले की सरकारों ने प्रदेश को अपराध का अड्डा बनाया था, आज हमारी सरकार ने इसे विकास और श्रद्धा का केंद्र बनाया है।

राजनीतिक माहौल

यह बयान विधान मंडल सत्र में तीखी बहस का कारण बना। सपा विधायकों ने योगी के बयानों पर आपत्ति जताई और हंगामा किया, जबकि भाजपा विधायकों ने उनका समर्थन किया। योगी के बयान से साफ है कि सपा-भाजपा के बीच अब सांस्कृतिक, धार्मिक और कानून-व्यवस्था के मुद्दों पर सीधी टक्कर है। विपक्ष इसे राजनीतिक बयानबाजी बता रहा है, जबकि सत्ता पक्ष इसे सरकार की उपलब्धियां गिनाने का मौका मान रहा है। सत्र में आगे भी ऐसे हमले और पलटवार जारी रहने की संभावना है।

INPUT-ANANYA MISHRA

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)