UP: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) अमेठी (Amethi) जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मुसाफिरखाना थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर धरौली मोड़ के पास कबाड़ कारोबारी रमन अग्रहरी का दिनदहाड़े अपहरण कर लिया गया। वह अपने दो बच्चों को स्कूल छोड़कर बोलेरो से घर लौट रहे थे, तभी कार सवार बदमाशों ने उनकी गाड़ी रोक ली और जबरन अपने साथ ले गए। देर रात तक अलग-अलग किश्तों में कुल 8 लाख रुपये की फिरौती वसूलने के बाद आरोपियों ने उन्हें छोड़ दिया।
शुरुआती जांच में उलझन, पांच दिन बाद दर्ज हुआ मुकदमा
घटना के बाद रमन ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन शुरुआती दिनों में मामला संदिग्ध माना जाता रहा। करीब पांच दिन बाद पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ अपहरण और फिरौती का मुकदमा दर्ज किया। घटना ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए और व्यापारियों में भय का माहौल बन गया।
पुलिस की कार्रवाई में दो आरोपी गिरफ्तार
देर रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को एक कार समेत धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनुज प्रताप सिंह उर्फ मुरारी सिंह और घनश्याम पांडेय के रूप में हुई है, जो बस्ती जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी बताए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, दोनों वारदात में सक्रिय रूप से शामिल थे।
बरामदगी में नकदी, हथियार और वाहन शामिल
पुलिस ने अनुज प्रताप सिंह के पास से 4.50 लाख रुपये नगद, एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चार मोबाइल फोन बरामद किए हैं। वहीं घनश्याम पांडेय से 5 हजार रुपये नकद, आधार और पैन कार्ड मिले हैं। इसके अलावा एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की गई है, जिसे अपहरण में इस्तेमाल किया गया था। अधिकारियों का कहना है कि बरामद मोबाइल फोन और वाहन से महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।
तीन आरोपी फरार, पुलिस की छापेमारी जारी
एसपी सरवणन टी ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस वारदात में कुल पांच लोग शामिल थे। दो की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि तीन आरोपी अभी फरार हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। खुलासा करने वाली टीम को 15 हजार रुपये के इनाम की घोषणा भी की गई है। पुलिस का दावा है कि यह पूरी घटना सुनियोजित उगाही का मामला है और जल्द ही पूरे गिरोह का पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।












































