दीन दयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र (CDOE) द्वारा संचालित ओपन एंड डिस्टेंस लर्निंग (ODL) एवं ऑनलाइन लर्निंग (OL) मोड के पाँच पाठ्यक्रमों की प्रथम बैच की ऑनलाइन परीक्षाएँ आज से सफलतापूर्वक प्रारम्भ हो गई हैं।
यह विश्वविद्यालय के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है, जो डिजिटल माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है। परीक्षाएँ पूर्णतः ऑनलाइन, सुरक्षित एवं प्रॉक्टर्ड प्रणाली के माध्यम से आयोजित की जा रही हैं, जिससे पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शैक्षणिक गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। देश के विभिन्न क्षेत्रों से विद्यार्थी इन परीक्षाओं में सम्मिलित हो रहे हैं, जो विश्वविद्यालय की व्यापक पहुँच और समावेशी शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
इस अवसर पर दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र के निदेशक सहित संपूर्ण सीडीओई टीम परीक्षा के समय उपस्थित रही। टीम द्वारा परीक्षा की समस्त व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा विद्यार्थियों को आवश्यक तकनीकी एवं शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया गया, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु एवं निर्विघ्न रूप से संचालित हो सके।
Also read:ब्रजेश पाठक बोले शंकराचार्य का चोटी खींचना महाअपराध है,
पूनम टंडन ने अपने संदेश में कहा
“ओडीएल एवं ऑनलाइन कार्यक्रमों की प्रथम बैच की ऑनलाइन परीक्षाओं का शुभारम्भ विश्वविद्यालय के लिए गर्व का विषय है। यह डिजिटल नवाचार और शैक्षणिक उत्कृष्टता के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप हम सुलभ, किफायती एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए संकल्पित हैं। मैं सभी विद्यार्थियों एवं सीडीओई टीम को इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए हार्दिक बधाई देती हूँ।”
दूरस्थ एवं ऑनलाइन शिक्षा केंद्र द्वारा परीक्षा के सुचारु संचालन हेतु समुचित तकनीकी व्यवस्थाएँ एवं सहायता प्रणाली स्थापित की गई हैं। विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान हेतु हेल्पडेस्क भी सक्रिय किया गया है।
विश्वविद्यालय डिजिटल अवसंरचना को सुदृढ़ करते हुए समावेशी एवं आजीवन शिक्षण के अवसरों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
INPUT-ANANYA MISHRA











































