अमेठी: रायपुर फुलवारी में एक सहायक अध्यापक ने सुसाइड नोट लिखने के बाद फांसी लगाकर जान दे दी. घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और परिजनों को ढांढस बंधाते रहे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान राम प्रकाश वर्मा (46) निवासी संग्रामपुर के बढ़ईपुर गांव के रूप में हुई है, जो रायपुर फुलवारी में मकान बनाकर परिवार के साथ रहते थे।
बीएलओ कार्य बना तनाव की वजह?
उनका शव घर के अंदर फंदे से लटकता मिला। घटना के बाद पत्नी, बेटी वंदना (17), बेटे आलोक (14) और अमन दीप (12) का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के अनुसार, राम प्रकाश वर्मा प्रतापगढ़ जिले के गौहानी स्थित प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी ड्यूटी इंटर कॉलेज गौहानी में बोर्ड परीक्षा में लगाई गई थी। इसके साथ ही वह बीएलओ का कार्य भी देख रहे थे, जिससे वह काफी समय से मानसिक दबाव में थे।
सुसाइड नोट में लिखा– किसी को जिम्मेदार न ठहराएं
मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। इसमें बोर्ड परीक्षा ड्यूटी और बीएलओ कार्य के कारण मानसिक रूप से परेशान होने की बात लिखी गई है। साथ ही किसी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार न ठहराने की बात भी सामने आई है। हालांकि पुलिस ने अभी सुसाइड नोट की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सभी पहलुओं पर जांच में जुटी पुलिस
अमेठी कोतवाली प्रभारी रवि कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।













































