इटावा : जिले के इकदिल थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया. आगरा–कानपुर नेशनल हाईवे पर बिरारी गांव के सामने तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दंपति को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
इस भीषण हादसे में पति की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा इतना भयावह था कि मृतक की गर्दन धड़ से अलग हो गई. दुर्घटना के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और कुछ देर के लिए यातायात भी बाधित हो गया।
गमी में शामिल होने जा रहा था दंपति
जानकारी के अनुसार, मैनपुरी जनपद के करहल थाना क्षेत्र स्थित स्टेट बैंक कॉलोनी निवासी नरेश अपनी पत्नी राजो देवी के साथ बाइक से पुखरायां जा रहे थे. वहां उन्हें एक रिश्तेदार की गमी में शामिल होना था. शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे जैसे ही वे बिरारी गांव के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक में जबरदस्त टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही सड़क पर बिखर गई जिंदगी
टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई. नरेश ट्रक के नीचे आ गए, जिससे उनका शरीर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि देखने वालों की रूह कांप उठी. वहीं राजो देवी उछलकर काफी दूर जा गिरीं, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं. वह दर्द से कराहती रहीं और कुछ देर तक सड़क पर ही पड़ी रहीं।
पुलिस ने संभाला मोर्चा, घायल को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही इकदिल थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने तत्काल घायल महिला को एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है. महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है. वहीं हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया. पुलिस ने ट्रक की तलाश शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
नरेश की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, परिवार में कोहराम मच गया. पत्नी अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रही है. वहीं घर में मातम पसरा हुआ है. पुलिस का कहना है कि हादसे की पूरी जांच की जा रही है और दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
INPUT-ANANYA MISHRA
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.













































