ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत पर भारत में भी कई जगहों पर शोक और विरोध का माहौल देखने को मिल रहा है. इजराइल और अमेरिका की संयुक्त कार्रवाई में खामेनेई के मारे जाने के बाद जम्मू-कश्मीर समेत देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन किए जा रहे हैं।श्रीनगर में कश्मीरी शिया मुसलमानों ने लाल चौक पर अयातुल्ला अली खामेनेई की हत्या के खिलाफ प्रदर्शन किया है. कारगिल में भी विरोध जताया जा रहा है. इसके साथ-साथ उत्तर प्रदेश के लखनऊ में शिया मुस्लिम समुदाय के लोग सड़कों पर उतरकर अपनी नाराजगी व्यक्त कर रहे हैं।
मौलाना कल्बे जवाद साहब ने लखनऊ में लोगों से अपील जारी करते हुए दुकानें और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखने के लिए कहा है. उन्होंने बताया कि रात 8 बजे इमामबाड़े में शोकसभा आयोजित की जाएगी, जिसके बाद कैंडल मार्च निकाला जाएगा. मौलाना ने देशभर के शिया समुदाय से अपील की है कि वो एक ही समय पर शोकसभा करें।
ईरान से हजारों किलोमीटर दूर कर्नाटक के चिक्काबल्लापुर के शिया-बहुल गांव अलीपुर में शोक मनाया जा रहा है. अलीपुर और बेंगलुरु के समुदाय के नेताओं और सदस्यों ने इस हिंसा की निंदा की और अपनी प्रतिक्रिया दी.अलीपुर में चारों ओर शोक का माहौल है. पूरा कस्बा दुख में एक साथ खड़ा है और कई लोग शोक के प्रतीक के रूप में काले कपड़े पहने हुए हैं. सम्मान और एकजुटता दिखाने के लिए स्थानीय दुकानें तीन दिनों तक बंद रखी गई हैं।कर्नाटक उर्दू अकादमी के सदस्य और अलीपुर निवासी नातिक अलीपुरी ने कहा, “ईरान पर हमले और अयातुल्लाह सैय्यद अली खामेनेई की शहादत से हम बहुत दुखी हैं. वे मजलूमों, खासकर फिलिस्तीन के लोगों के लिए आवाज उठाने के लिए जाने जाते थे. उनका जाना बहुतों के लिए पीड़ादायक है।
राजधानी भोपाल में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के निधन की खबर मिलते ही शिया समुदाय में शौक की लहर दौड़ गई. करौंद स्थित शिया मस्जिद में जोहर की नमाज के बाद श्रद्धांजलि सभा आयोजित की. सभा में अमेरिका-इजराइल मुर्दाबाद के जोरदार नारे लगे. इमामों ने खामेनेई को जुल्म के खिलाफ लड़ने वाला निडर नेता बताया. वक्ताओं ने कहा शहादत से विचारधारा खत्म नहीं होती. मस्जिद परिसर इस्लामिक नारों से गूंजा,वहीं भारत के कई ऐसे राज्य है जहा खामेनेई की मौत पर मातम मनाया जा रहा।
INPUT-ANANYA MISHRA
( देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)




































