• कलेक्ट्रेट में पहलवानों के साथ धरने पर बैठे परिजन, पुलिस ने छीनी माचिस और बोतल
• शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और साजिशकर्ताओं को मुकदमे में शामिल करने की मांग
• धरना खत्म नहीं हुआ तो जुलूस लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे, एसपी ने दिया कार्रवाई का भरोसा
Written by Vijay Mishra
संतकबीरनगर जिले के चर्चित पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज पत्नी पूजा यादव ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह की कोशिश की। धरने के दौरान उन्होंने खुद पर ज्वलनशील पदार्थ उड़ेलकर माचिस से आग लगाने का प्रयास किया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए बोतल और माचिस छीन ली। इससे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। भकठान (गोसाईपुर) गांव निवासी पहलवान ब्रह्मानंद यादव की 22 सितंबर को हत्या कर दी गई थी। मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर उनके परिजन गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरने पर बैठ गए। परिजनों ने शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ ही हत्या की साजिश में शामिल लोगों को भी मुकदमे में आरोपी बनाने की मांग की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने शुरुआत में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। बाद में विवेचना के दौरान नौ अन्य आरोपियों के नाम सामने आए। इनमें से आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है, जबकि पांच आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। परिजनों का दावा है कि ब्रह्मानंद की आंखों में मिर्च पाउडर डालने वाली दोनों महिलाएं भी अब तक गिरफ्तार नहीं हुई हैं। उनका आरोप है कि घटना के पीछे शामिल साजिशकर्ताओं पर कार्रवाई नहीं हो रही है। साथ ही, आरोपियों की ओर से गवाहों को प्रभावित करने और साक्ष्य मिटाने की कोशिश की जा रही है। परिजनों ने खुद और परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
Also Read: संतकबीरनगर में पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार
पहलवानों ने कहा- न्याय के लिए आखिरी दम तक लड़ेंगे
दोपहर करीब 12 बजे देवरिया के चर्चित पहलवान साधू यादव, गोरखपुर के पहलवान बिट्टू राय समेत कई पहलवान धरने में शामिल हो गए। साधू यादव और बिट्टू राय ने कहा कि हत्याकांड के शेष आरोपियों की गिरफ्तारी में देरी से पीड़ित परिवार परेशान है। परिजनों को न्याय दिलाने के लिए पहलवान आखिरी दम तक संघर्ष करेंगे। धरनारत लोगों को समझाने के लिए एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ सदर प्रियम राजशेखर पांडेय समेत कई पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वे मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने तक धरने पर डटे रहे।
Also Read: संतकबीरनगर: चर्चित पहलवान साधु यादव समेत 41 पर केस, कलेक्ट्रेट में तोड़फोड़ का आरोप
जुलूस लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे परिजन
दोपहर करीब तीन बजे परिजन और पहलवान नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट से जुलूस निकालकर पुलिस कार्यालय पहुंचे। वहां उन्होंने एसपी संदीप कुमार मीना से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। एसपी ने बताया कि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
Also Read : न्यूज़ चैनल के LIVE शो में महिला गेस्ट को पीटने वाला मौलाना गिरफ्तार
एसपी बोले- शेष आरोपियों की गिरफ्तारी में प्रयासरत है पुलिस टीम
एसपी संदीप कुमार मीना ने बताया कि “ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान नौ अन्य आरोपियों के नाम प्रकाश में आए। अब तक आठ आरोपियों को जेल भेजा जा चुका है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें प्रयास कर रही हैं। उम्मीद है कि जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”














