UP: गोरखपुर पुलिस ने फर्जी आईएएस बनकर शादी रचाने और लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी कैण्ट के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कैण्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना कैण्ट पर दर्ज मुकदमा संख्या 128/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त प्रीतम निषाद उर्फ अर्जुन सिंह पुत्र शिवपाल सिंह निवासी अन्दावा की मड़ईया, थाना बकेवर, जनपद इटावा को गिरफ्तार किया।
‘निषाद विवाह ग्रुप’ माध्यम से मिला बायोडाटा
पीड़ित पक्ष को इंस्टाग्राम पर ‘निषाद विवाह ग्रुप’ के माध्यम से आरोपी का बायोडाटा मिला था। इसमें आरोपी ने खुद को IAS अधिकारी (मणिपुर कैडर) बताते हुए अपनी तैनाती मानिकपुर में दर्शाई थी।आरोपी ने बातचीत के दौरान अपने कथित इंटरव्यू वीडियो और नियुक्ति से जुड़े फोटो भेजकर पीड़ित परिवार का विश्वास जीत लिया। इसके बाद 20 नवंबर 2025 को इटावा में सगाई हुई और 11 मार्च 2026 को शादी की तारीख तय की गई।
Also Read: फर्जी IAS की 26वीं बारात…गोरखपुर में प्रीतम कुमार निषाद का वैवाहिक ठगी का खौफनाक खेल
15 लाख रुपये की मांग
शादी से पहले आरोपी ने खर्च के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से 10 लाख रुपये पहले और 5 लाख रुपये शादी के दिन लिए गए। गोरखपुर के JIBS होटल में शादी भी संपन्न हुई। बारात विदा होने के बाद जब पीड़ित परिवार बेटी से मिलने पहुंचा, तब पता चला कि आरोपी ने खुद को फर्जी तरीके से IAS अधिकारी बताकर शादी की है। इसके बाद पीड़ित की तहरीर पर थाना कैण्ट में मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से,एक मोबाइल फोन,एक सैमसंग टैबलेट और आधार कार्ड रामद किया गया है।
पुलिस की कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी है।



















































