गाजियाबाद: ई-रिक्शा चलाने वाली 30 वर्षीय मीरा प्रजापति जासूसी के आरोप में गिरफ्तार, पाकिस्तान भेजती थी संवेदनशील जगहों की तस्वीरें

गाजियाबाद: एक चौंकाने वाला जासूसी मामला सामने आया है। गाजियाबाद पुलिस ने संवेदनशील जगहों की तस्वीरें खींचकर पाकिस्तान भेजने के आरोप में मथुरा की 30 वर्षीय मीरा प्रजापति को गिरफ्तार किया है। मीरा दो छोटी बेटियों की मां है, पति से अलग रहती है और रोज ई-रिक्शा चलाकर गुजारा करती थी। पुलिस का कहना है कि ई-रिक्शा चलाने का बहाना बनाकर वह आसानी से संवेदनशील इलाकों में घूमती थी और फोटो खींचकर पाकिस्तान भेजती थी।

मीरा के साथ दो और गिरफ्तार

22 मार्च को मीरा के साथ बिहार के नौशाद और एक नाबालिग को भी गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में तीनों ने बताया कि संवेदनशील स्थानों खासकर सैन्य और सरकारी इलाकों की तस्वीरें और लाइव फीड पाकिस्तान भेजने पर उन्हें 4 से 6 हजार रुपये मिलते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने कई जगहों पर सोलर पावर वाले CCTV कैमरे भी लगाए थे, जिनकी लाइव फीड सीधे पाकिस्तान जा रही थी। इस पूरे नेटवर्क में अब तक 22 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं।

Also Read: ‘दिल्ली रेलवे स्टेशन के CCTV की लाइव स्ट्रीमिंग पाकिस्तान में…’, पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाला गिरोह बेनकाब, 22 गिरफ्तार

मीरा का बैकग्राउंड

मीरा प्रजापति मथुरा के औरंगाबाद इलाके के ठाकुर महादेव नगर कॉलोनी में रहती थी। स्थानीय लोग उसे ‘हरिया’ के नाम से जानते थे।

  • एक साल पहले (2025) वह दिल्ली में अवैध हथियारों की तस्करी के मामले में पकड़ी गई थी और जेल भी गई थी। बाद में जमानत पर छूट गई।
  • मीरा की दो बेटियां हैं – बड़ी 11 वर्षीय (5वीं कक्षा) और छोटी 6 वर्षीय (नर्सरी)।
  • पिछले एक साल से वह ई-रिक्शा चलाकर परिवार का भरण-पोषण कर रही थी।

पुलिस की जांच

गाजियाबाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही हैं। मीरा समेत सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस का मानना है कि यह जासूसी नेटवर्क काफी बड़ा हो सकता है और इसमें और भी लोग शामिल हो सकते हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)