फतेहपुर : जनपद में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने सनसनी फैला दी, जिसमें एक युवक बीच सड़क पर युवती को जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास करता नजर आया। घटना के बाद जहां मौके पर हंगामा खड़ा हो गया, वहीं वीडियो वायरल होते ही विभिन्न हिन्दू संगठनों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है। दबाव बढ़ने पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में एक युवक सड़क पर युवती का बैग पकड़कर उसे जबरन बाइक पर बैठाने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान युवती खुद को बचाने का प्रयास करती दिखाई दी। मौके पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई और लोगों ने हस्तक्षेप कर युवती को बचाया।
‘लव जिहाद’ का आरोप
वीडियो सामने आने के बाद हिन्दू संगठनों ने मामले को गंभीर बताते हुए आरोपी पर ‘लव जिहाद’ का आरोप लगाया और सख्त कार्रवाई की मांग की। संगठनों ने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन कार्रवाई नहीं करेगा तो वे खुद कदम उठाने को मजबूर होंगे। जांच में आरोपी की पहचान उत्तरी खेलेदार स्थित बशीर कॉम्प्लेक्स के पीछे रहने वाले अमन सैयद उर्फ जॉर्डन के रूप में हुई। आरोप है कि युवक ने नाम बदलकर राधा नगर थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती को प्रेम जाल में फंसाया और लंबे समय तक उसका शोषण किया। बताया जा रहा है कि जब युवती को युवक की वास्तविक पहचान का पता चला तो उसने उससे संबंध समाप्त कर लिए।
मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया
इसके बाद युवक लगातार युवती पर दबाव बना रहा था और फोन न उठाने पर बीच सड़क उसे जबरन बाइक पर बैठाने का प्रयास किया, जिसका वीडियो वायरल हो गया। मामले में बजरंग दल के संयोजक धर्मेंद्र जनसेवक सहित अन्य संगठनों ने प्रशासन पर दबाव बनाया। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने चौकी इंचार्ज की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































