Noida Labour Protest: उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गौतमबुद्धनगर में श्रमिकों के आंदोलन को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। इस मुद्दे ने राज्य की सियासत को गरमा दिया है, जहां सत्ता और विपक्ष के बीच तीखी बयानबाज़ी देखने को मिल रही है।
अखिलेश यादव का सीएम योगी पर हमला
समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर टिप्पणी करते हुए सीएम से सवाल किए और कहा,अगर माननीय मुख्यमंत्री जी नोएडा के मज़दूरों के आंदोलन को किसी की साज़िश बता रहे हैं तो एक सवाल जनता आपसे पूछ रही है कि अगर ये सच है तो आपकी ख़ुफ़िया पुलिस क्या आपके साथ बंगाल प्रचार करने गयी थी या वनस्पति की खोजबीन में लीन थी या उसके प्रभाव में।
मज़दूरों के आंदोलन को नक्सलवाद के आरोप से बदनाम करने से पहले आप ये बताएं कि आपने ऐसा क्या किया है कि 10 सालों में ऐसे हालात बन गये। आप मजदूरों के ज़ख़्मों पर मलहम नहीं लगा सकते तो न लगाएं लेकिन उन ज़ख़्मों पर नमक तो न छिड़कें। भाजपाई कमीशनखोरी से जन्मी महंगाई के कारण परिवारवाले वैसे ही दुखी है उसके ऊपर अवांछित दोषारोपण करने का जो पाप आप कर रहे हैं, वो घोर निंदनीय है।
इससे हालात बद से बदतर हो सकते हैं। अगर आप से प्रदेश नहीं संभल रहा है तो ससम्मान इस गद्दी से उतरकर जाइए, नहीं तो जनता उतार देगी। भाजपाई ख़ुद तो अंतिम दौर के भ्रष्टाचार में आकंठ लिप्त हैं, इसीलिए न इनसे देश संभल रहा है, न प्रदेश। भाजपा का डबल इंजन, जनता के लिए ट्रबल इंजन बन गया है। जनता इन सब इंजनों के पहिए खोल देगी और पूर्ज़े निकालकर, हमेशा के लिए कबाड़खाने में भेज देगी।
Also Read: आगजनी, पत्थरबाजी और गाड़ियों में तोड़फोड़…’, नोएडा में कर्मचारियों की सैलरी वॉर!
सीएम योगी का औद्योगिक शांति पर संदेश
वहीं दूसरी ओर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा था कि कुछ लोग औद्योगिक क्षेत्रों में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने उद्यमियों और श्रमिकों से सतर्क रहने की अपील की और कहा कि सरकार हर हाल में शांति और सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
राजनीतिक बहस तेज
सीएम ने यह भी कहा था कि डबल इंजन सरकार ने महामारी जैसे कठिन समय में भी उद्योग और श्रमिकों का साथ दिया है। इस पूरे घटनाक्रम के बाद राज्य में विकास, औद्योगिक स्थिरता और श्रमिक हितों को लेकर राजनीतिक बहस और तेज हो गई है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































