इटावा में हिस्ट्रीशीटर की दबंगई : फायरिंग के बाद कार को किया आग के हवाले, पीड़ित ने भागकर बचाई जान

इटावा : थाना सिविल लाइन क्षेत्र अंतर्गत रूरा गांव में एक हिस्ट्रीशीटर की दबंगई का गंभीर मामला सामने आया है, जिसने इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया।

आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर आरोपी ने न सिर्फ एक युवक के साथ मारपीट की, बल्कि उसकी चार पहिया कार में आग लगाकर उसे पूरी तरह नष्ट कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित सोनू राजपूत अपने घर से नोएडा जाने के लिए निकला था। जैसे ही वह गांव के पास पहुंचा, तभी गांव का ही निवासी सूरज उर्फ भोना उसकी गाड़ी के सामने आ गया। आरोप है कि आरोपी ने जबरन गाड़ी रुकवाई और सोनू के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। मामला इतना बढ़ गया कि आरोपी ने फायरिंग भी कर दी, जिससे घबराकर सोनू अपनी जान बचाने के लिए खेतों की ओर भाग गया।
पीड़ित का आरोप है कि उसके भागने के बाद आरोपी ने उसकी कार को निशाना बनाते हुए उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते कार धू-धू कर जलने लगी और कुछ ही समय में पूरी तरह खाक हो गई।

Also Read: यूपी पुलिस को बेवकूफ बनाकर बच निकला आतंकी! AK-47 को बताया खिलौना और आतंकी को दे दी क्लीनचिट, दरोगा-सीओ के खिलाफ सख्त एक्शन

घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया, जिसने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वाहन पूरी तरह जल चुका था।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)