चंदौली : पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर मुगलसराय नोएडा में मजदूरों के हिंसक प्रदर्शन के बाद पूरे उत्तर प्रदेश में सतर्कता बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में चंदौली पुलिस भी पूरी तरह अलर्ट हो गई है। जिले में संभावित अप्रिय घटनाओं को रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में सघन रूट मार्च किया गया।
जानकारी के अनुसार, नोएडा में मजदूरों ने न्यूनतम वेतन वृद्धि की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था, जो बाद में हिंसक हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वहां भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा था। इस घटना की गंभीरता को देखते हुए चंदौली पुलिस प्रशासन ने भी एहतियाती कदम उठाए हैं।
पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देश पर औद्योगिक क्षेत्रों, फैक्ट्रियों और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों ने पैदल मार्च कर आम जनता और श्रमिकों से शांति बनाए रखने की अपील की।
उन्हें अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का संदेश भी दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसडीएम अनुपम मिश्रा ने बताया कि पूरी तरह से फोर्स तैनात कर दी गई है और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। प्रशासन ने श्रमिकों और आम नागरिकों से संयम बरतने और अपनी समस्याओं को शांतिपूर्ण ढंग से प्रस्तुत करने की अपील की है। पुलिस की इस सक्रियता से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ा है।
रूट मार्च में सीओ अरुण कुमार सिंह, मुगलसराय थाना प्रभारी विजय प्रताप सिंह और अलीनगर थाना प्रभारी घनश्याम शुक्ला सहित कई थानों का पुलिस बल मौजूद रहा।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)

















































