बरेली : फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के ग्राम नगरिया नौबरामद में खेत पर गेहूं काटने गए एक युवक के साथ मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर गांव के चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम शिवराजपुर निवासी बृजेश पुत्र राजवीर अपने खेत में गेहूं की कटाई करने गया था। आरोप है कि उसी दौरान गांव के ही सूरजपाल पुत्र भूरे, तेजपाल पुत्र नरसिंह, गोपाली पुत्र नरसिंह तथा बलविंदर पुत्र विचित्र मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि आरोपियों ने बिना किसी कारण के बृजेश के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
जब बृजेश ने विरोध किया तो आरोपियों ने एकजुट होकर उस पर हमला कर दिया। आरोप है कि चारों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे लोग मौके पर पहुंचे, तब आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
नोएडा हिंसा के बाद चंदौली पुलिस अलर्ट: औद्योगिक क्षेत्रों में किया गया रूट मार्च
घायल अवस्था में पीड़ित थाना फतेहगंज पूर्वी पहुंचा और पुलिस को लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)










































