Lucknow: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने किसानों को राहत देते हुए बड़ा निर्णय लिया है। अब किसान बिना फार्मर रजिस्ट्री के भी सरकारी क्रय केंद्रों पर अपना गेहूं बेच सकेंगे। सरकार ने स्पष्ट किया है कि किसान पहले की तरह ही सामान्य प्रक्रिया के तहत अपनी उपज बिक्री कर पाएंगे, ताकि किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
जिलाधिकारियों को तत्काल व्यवस्था लागू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस निर्णय को तुरंत प्रभाव से लागू किया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि क्रय केंद्रों पर आने वाले किसानों को किसी तरह की असुविधा नहीं होनी चाहिए। बढ़ती गर्मी को देखते हुए केंद्रों पर पेयजल, पंखा, छाया और अन्य जरूरी सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है।
गेहूं खरीद में तेज़ी, लाखों किसानों ने कराया पंजीकरण
खाद्य एवं रसद विभाग के अनुसार अब तक 20 अप्रैल को सुबह 11 बजे तक 42 हजार से अधिक किसानों से करीब 2.38 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। वहीं, 4.77 लाख से ज्यादा किसानों ने गेहूं बिक्री के लिए पंजीकरण कराया है, जिससे खरीद प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है।
प्रदेशभर में 5400 से अधिक क्रय केंद्र सक्रिय
सरकार ने खरीद व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रदेश में 5400 से अधिक गेहूं क्रय केंद्र स्थापित किए हैं। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य समय पर मिल सके, इसके लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और व्यवस्था को और मजबूत करने में जुटा है।
(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)












































