साइबर ठगी का शिकार बने युवक को राहत, गोण्डा पुलिस ने 1.37 लाख रुपये कराए वापस

गोण्डा : जनपद गोण्डा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइबर कवच के तहत थाना कोतवाली नगर की साइबर हेल्पडेस्क टीम ने सराहनीय कार्य करते हुए ठगी का शिकार हुए पीड़ित के खाते में 1,37,826.61 रुपये वापस कराए हैं। पैसे वापस मिलने पर पीड़ित के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी अजीत कुमार रजक के मार्गदर्शन में साइबर हेल्पडेस्क टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए यह सफलता हासिल की। जानकारी के अनुसार, पटेलनगर घोसियाना निवासी मोहम्मद रसीद ने .apk फाइल के माध्यम से हुए साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई थी।

Also Read: ’30 लाख में ठेका और ‘कमांडो सर्जरी’ कोडवर्ड नेटवर्क…’, Kanpur Kidney Transplant Scam में बड़ा खुलासा

मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर हेल्पडेस्क टीम ने जनपदीय साइबर सेल के सहयोग से संबंधित बैंक एवं इंटरमीडियरी से संपर्क साधा। ईमेल के माध्यम से आवश्यक सूचनाएं जुटाकर नोडल अधिकारियों से समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद पूरी धनराशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी गई। गोण्डा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं, क्योंकि विलंब होने पर धनराशि वापस मिलना कठिन हो जाता है।

पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, किसी के साथ ओटीपी, बैंक डिटेल या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान पूरी सतर्कता बरतें, ताकि साइबर ठगों से सुरक्षित रहा जा सके।