पश्चिम बंगाल में 29 अप्रैल को होने वाले दूसरे और अंतिम चरण के मतदान से पहले चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। प्रचार का आज आखिरी दिन होने के कारण सभी प्रमुख दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) दोनों ही जनता को अपने पक्ष में करने के लिए जोरदार प्रचार अभियान चला रहे हैं।
योगी आदित्यनाथ का टीएमसी पर तीखा हमला
इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) ने पश्चिम बंगाल में एक रैली को संबोधित करते हुए टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तीखे हमले किए। उन्होंने कहा की, 4 मई से TMC के गुंडे सड़कों पर पंचर बनाएंगे। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद राज्य में बदलाव की लहर दिख रही है और उन्होंने इसे ‘डबल इंजन सरकार’ की ओर बढ़ता रुझान बताया है।
विवादित बयान और कड़ी चेतावनी
अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने टीएमसी कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि चुनाव परिणाम आने के बाद उनकी स्थिति कमजोर हो जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी के कुछ लोग जनता के साथ गलत व्यवहार और जमीन कब्जाने जैसी गतिविधियों में शामिल रहे हैं, लेकिन नई व्यवस्था में ऐसी चीजों पर लगाम लगेगी।
राष्ट्रपति दौरे का जिक्र और चुनावी माहौल
सीएम योगी ने अपने संबोधन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के पश्चिम बंगाल दौरे का भी उल्लेख किया और राज्य सरकार के रवैये पर सवाल उठाए। दूसरी ओर, टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी लगातार ‘बंगाल की बेटी’ जैसे नारों के जरिए भावनात्मक अपील कर रही हैं। अब सभी की नजर 4 मई को आने वाले चुनाव परिणामों पर टिकी है।















































