बरेली : थाना देवरनिया क्षेत्र के ग्राम धर्मपुर में आयोजित उर्स मेले के दौरान एक मामूली कहासुनी ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। मेले में दुकान लगाए युवक और उसकी मां पर गांव के ही कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने से हड़कंप मच गया। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धर्मपुर निवासी ताजीम पुत्र असलम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह उर्स मेले में खील-बताशे की दुकान लगाए हुए था। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे वह अपनी दुकान पर बैठा था, तभी गांव के इसरार, इसहाक, मोहम्मद हसन और यूसुफ वहां पहुंचे और बिना किसी ठोस कारण के गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने ताजीम को घेर लिया और लात-घूसों व डंडों से बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी।
Also Read: ‘यूपी में जल्द बनेगा ‘दूसरा नोएडा…’, सीएम योगी ने इस शहर को लेकर कर दिया बड़ा ऐलान
शोर-शराबा सुनकर ताजीम की मां नसीम मौके पर पहुंचीं और बेटे को बचाने का प्रयास किया, लेकिन हमलावरों ने उन्हें भी नहीं बख्शा। आरोप है कि आरोपियों ने नसीम को धक्का देकर गिरा दिया और उनके साथ भी मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं। इस दौरान उनके कपड़े भी फट गए, जिससे घटना ने और गंभीर रूप ले लिया।
मारपीट में ताजीम को सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर दोनों को बचाया। जाते समय आरोपी परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने नामजद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।











































