चौरी चौरा, गोरखपुर। चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में महाराजा गुहा निषाद राज और महाराजा बिजली पासी की स्मृतियों को संजोने के लिए चार प्रमुख सड़कों पर स्मृति द्वार का निर्माण किया जाएगा। विधायक ई. सरवन निषाद ने मंगलवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि इन स्मृति द्वारों के निर्माण के लिए आवश्यक बजट आवंटित कर दिया गया है।
विधायक सरवन निषाद ने बताया कि चार स्मृति द्वार निम्नलिखित स्थानों पर बनाए जाएंगे:
– सरदारनगर में सोनबरसा फुटहवा ईनार पर महाराजा गुहा निषाद स्मृति द्वार
– ब्रह्मपुर में बोहाबार गोबरौड मार्ग पर गुहा निषाद स्मृति द्वार
– सरदारनगर में जगदीशपुर से सरदारनगर रोड पर महाराजा बिजली पासी स्मृति द्वार
– सरदारनगर में खैराबाद से बंशहिया रोड पर महाराजा बिजली पासी स्मृति द्वार
विधायक ई. सरवन निषाद ने कहा कि गुहा निषाद और बिजली पासी समाज के प्रेरणादायक व्यक्तित्व हैं। उनके नाम पर स्मृति द्वार का निर्माण न केवल उनकी स्मृतियों को जीवंत रखने का प्रयास है, बल्कि समाज को उनके आदर्शों और विचारों से जोड़ने का भी माध्यम बनेगा।
Also Read : बालेन शाह को भारत का तगड़ा झटका ! चाय कारोबार पर संकट, 1 मई से ये नया नियम होगा लागू
उन्होंने आगे कहा कि चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” के नारे को साकार करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। स्मृति द्वारों के निर्माण से युवा पीढ़ी को इन महान विभूतियों की स्मृतियों और उनके योगदान को जानने का अच्छा अवसर मिलेगा।
विधायक ने दावा किया कि चौरी चौरा विधानसभा में विकास के नए कीर्तिमान स्थापित किए जा रहे हैं। सभी वर्गों को साथ लेकर विकास की नई इबारत लिखी जा रही है। गुहा निषाद और बिजली पासी स्मृति द्वार इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
यह स्मृति द्वार न केवल स्थानीय लोगों के लिए गौरव का विषय होंगे, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी इन ऐतिहासिक व्यक्तियों के जीवन और कार्यों से प्रेरणा लेने का अवसर प्रदान करेंगे।











































