फर्रुखाबाद में खनन माफियाओं पर बड़ा एक्शन : बालू से लदी दो अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियां जब्त, डीएम के सख्त निर्देश

फर्रुखाबाद। जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने अपना रुख पूरी तरह सख्त कर लिया है। मंगलवार को जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बालू से लदी दो अवैध ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को पकड़कर जब्त कर लिया। इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के मुताबिक, थाना कादरीगेट क्षेत्र के आईटीआई चौकी के पास आवास विकास स्थित खानपुर में औचक चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान टीम ने बालू से लदे दो ट्रैक्टरों को रोका और चालकों से खनन व परिवहन से जुड़े वैध दस्तावेज मांगे। लेकिन मौके पर मौजूद लोग कोई भी कागजात नहीं दिखा सके। प्रथम दृष्टया मामला अवैध खनन और अवैध परिवहन का पाए जाने पर दोनों वाहनों को तत्काल कब्जे में ले लिया गया।

Also Read : मथुरा में अवैध पनीर फैक्ट्री पर छापा, 900 किलो पनीर जब्त, इकाई सील

जब्त की गई ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को आईटीआई चौकी परिसर में खड़ा कराया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए थाना कादरीगेट पुलिस की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है। खनन विभाग और पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य लोगों की भी पहचान कर रही है, ताकि उनके खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जा सके।

डीएम के कड़े तेवर, जीरो टॉलरेंस नीति लागू

इस कार्रवाई को लेकर जिलाधिकारी ने साफ संदेश दिया है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जमीनी स्तर पर अभियान को और तेज किया जाए।

Also Read : चूल्हे की ‘चिंगारी’ बनी काल, छप्पर में सो रहे 3 साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत

जनता से सहयोग की अपील

प्रशासन ने आम लोगों से भी सहयोग की अपील की है। कहा गया है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या बालू/मिट्टी का अवैध परिवहन हो रहा हो, तो तुरंत संबंधित विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर इस अवैध धंधे पर पूरी तरह लगाम लगाई जा सके।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)