रायबरेली पुलिस की बड़ी सफलता: 101 चेहरों पर लौटी मुस्कान, खोए हुए 15 लाख के मोबाइल बरामद

रायबरेली : आज एसपी कार्यालय के किरण हॉल में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान पुलिस अधीक्षक (SP) रवि कुमार ने जिले की सर्विलांस टीम और थानों की पीठ थपथपाते हुए एक बड़ी कामयाबी का खुलासा किया। एसपी ने कहा कि एक-दो नहीं, बल्कि पूरे 101 मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए गए हैं। इन मोबाइलों की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई जा रही है। अपने खोए हुए फोन को दोबारा हाथ में पाकर लोगों की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।

थाना बछरावां रहा ‘सुपरफास्ट’, सर्विलांस ने बिछाया जाल

प्रेस वार्ता के दौरान एसपी रवि कुमार ने बताया कि जिले के विभिन्न थानों में मोबाइल गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। इसके बाद CEIR पोर्टल (Central Equipment Identity Register) से प्राप्त ‘ट्रेसिबिलिटी डिटेल्स’ के आधार पर सर्विलांस सेल ने दिन-रात एक कर दिया। इस पूरी मुहिम में बछरावां पुलिस सबसे आगे रही, जिसने अकेले 37 मोबाइल बरामद किए। एसपी ने बताया कि जैसे ही पोर्टल से लोकेशन मिली, पुलिस टीमों ने जाल बिछाकर फोनों को रिकवर किया।

Also Read : गैंग लीडर सहित 7 लुटेरे गिरफ्तार, ट्रेन-बस-स्टेशन पर यात्रियों को बनाते थे निशाना, यूपी से दिल्ली तक फैला नेटवर्क

SP की अपील: ‘जागरूक बनें, पोर्टल का इस्तेमाल करें’

प्रेस वार्ता के अंत में एसपी रवि कुमार ने आम जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी का मोबाइल चोरी या गुम हो जाता है, तो घबराने के बजाय तुरंत CEIR पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन कराएं। उन्होंने कहा कि आपका एक जागरूक कदम पुलिस को आपका फोन ढूंढने में मदद कर सकता है। सतर्क रहें, सुरक्षित रहें। जैसे ही पीड़ितों को उनके फोन सौंपे गए, पुलिस कार्यालय ‘थैंक यू सर’ के नारों से गूंज उठा। जनता के बीच पुलिस के इस सराहनीय कार्य की जमकर प्रशंसा हो रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)