अमेठी : जिले में अपराध और मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत मोहनगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने 7 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण में जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी तिलोई के नेतृत्व में मोहनगंज थाना पुलिस संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी।
चेकिंग के दौरान पुलिस ने मुकेश कुमार सिंह उर्फ रामू निवासी उत्तरपारा थाना मोहनगंज और शिवकुमार निवासी रेवरी मजरे उत्तरपारा को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर दोनों के पास से गांजे की कई पुड़िया बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्हें गांजा बेचने के लिए राजदेव नाम का व्यक्ति सप्लाई करता है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर राजदेव पुत्र रामस्वरूप निवासी ब्रह्मनी थाना फुरसतगंज को भी गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक झोले में रखा 3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में पता चला कि राजदेव कुछ दिन पहले ही 6 किलो गांजा मुकेश और शिवकुमार को बेचने के लिए दे चुका था। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने भूपसिंह की पुलिया के नीचे छिपाकर रखा गया 4 किलोग्राम गांजा भी बरामद कर लिया।
इस तरह पुलिस ने कुल 7 किलो गांजा बरामद किया। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना मोहनगंज में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम की इस कार्रवाई को जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।











































