UP: फतेहपुर जनपद के बहुचर्चित और सनसनीखेज ट्रिपल सुसाइड कांड में महीनों से फरार चल रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी राहुल श्रीवास्तव को आखिरकार फतेहपुर पुलिस ने अपने शिकंजे में ले लिया।
सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज
थाना कोतवाली में पंजीकृत मु0अ0सं0 77/26 के इस बेहद संवेदनशील मामले में पुलिस की लगातार दबिश, तकनीकी निगरानी और सटीक रणनीति ने आखिरकार फरार आरोपी की गर्दन तक कानून का हाथ पहुंचा दिया।बताया जा रहा है कि इस दर्दनाक ट्रिपल सुसाइड मामले में मृतक द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य आरोपी राहुल श्रीवास्तव लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था।
50 हजार रुपये का इनाम था घोषित
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक फतेहपुर श्री अभिमन्यु मांगलिक द्वारा पहले 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, लेकिन आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर प्रयागराज परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा इनाम राशि बढ़ाकर 50 हजार रुपये कर दी गई थी। इसके बाद जनपद पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए अपना शिकंजा और कस दिया।
लगातार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
सूत्रों के अनुसार फरार आरोपी लगातार ठिकाने बदल रहा था और गिरफ्तारी से बचने के लिए कानूनी दांव-पेंच भी आजमा रहा था। उसने इलाहाबाद हाईकोर्ट सहित विभिन्न न्यायालयों में अग्रिम जमानत और जमानत प्रार्थना पत्र दाखिल किए, लेकिन पुलिस की प्रभावी पैरवी के चलते उसकी हर कोशिश नाकाम साबित हुई।
सर्विलांस टीम की नजर
इधर पुलिस की सर्विलांस टीम आरोपी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान पुलिस को एक बेहद महत्वपूर्ण और विश्वसनीय सूचना मिली कि आरोपी राहुल श्रीवास्तव मथुरा-वृंदावन क्षेत्र में अपने परिवार के साथ छिपकर रह रहा है। सूचना मिलते ही फतेहपुर पुलिस ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपी को मथुरा-वृंदावन क्षेत्र से धर दबोचा।












































