गोण्डा: कटरा बाजार पुलिस की बड़ी कार्रवाई, नाबालिग दुष्कर्म मामले का वांछित आरोपी गिरफ्तार

गोण्डा: जनपद में महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना कटरा बाजार पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। नाबालिग पीड़िता के साथ दुष्कर्म एवं पॉक्सो एक्ट के गंभीर मामले में वांछित चल रहे नामित आरोपी श्याम बाबू गौतम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को उसके गांव सरैया, थाना परसपुर स्थित घर से दबोचकर न्यायालय भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा महिला संबंधी अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश सभी थाना प्रभारियों को दिए गए हैं। इन्हीं निर्देशों के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी कर्नलगंज के निर्देशन में थाना कटरा बाजार पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही थी। प्रभारी निरीक्षक थाना कटरा बाजार के नेतृत्व में गठित टीम ने फरार चल रहे आरोपी की तलाश तेज कर दी थी।

पुलिस के अनुसार, थाना कटरा बाजार में 14 जनवरी 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 010/2026 पंजीकृत किया गया था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 70(2), 123, 127, 137(2), 140(3) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 5J(ii)/6 एवं 16/17 के तहत अभियोग दर्ज किया गया। घटना 13 जनवरी 2026 को थाना क्षेत्र के मैजापुर डीहा गांव में हुई थी, जिसकी सूचना अगले दिन पुलिस को दी गई थी।

मामले में वादी ओमकारनाथ शुक्ला द्वारा कई लोगों को नामजद करते हुए गंभीर आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले में वांछित आरोपी श्याम बाबू गौतम अपने पैतृक गांव सरैया में मौजूद है।
सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष विश्वकर्मा ने पुलिस टीम के साथ ग्राम सरैया में दबिश दी। पुलिस ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी से पूछताछ की गई तथा आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे माननीय न्यायालय रवाना कर दिया गया।

Also Read: रायबरेली में आधी रात ‘महायुद्ध’! कसाईखाने ले जाए जा रहे 120 पशु किए गए रेस्क्यू , बजरंग दल के वीरों ने घेरा

गिरफ्तार आरोपी श्याम बाबू पुत्र रामसूरत गौतम मूल रूप से ग्राम सरैया थाना परसपुर जनपद गोण्डा का निवासी है। पुलिस के अनुसार आरोपी हरियाणा के यमुनानगर क्षेत्र में भी रह रहा था। मामले में अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार प्रयास कर रही है।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि महिलाओं एवं बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि महिला एवं बाल अपराध से संबंधित किसी भी जानकारी को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, ताकि समय रहते अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई में वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुभाष विश्वकर्मा एवं कांस्टेबल अमन सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। थाना कटरा बाजार पुलिस की इस कार्रवाई की क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं. )