मथुरा : आज कलेक्ट्रेट सभागार में प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भाजपा जिला पदाधिकारियों को आमंत्रित कर बैठक की। बैठक में भाजपा नेताओं ने जनपद की प्रमुख समस्याएं उपमुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। भाजपा जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे एवं जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने आम आदमी से जुड़े मुद्दे उठाए।
बैठक में जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी ने आरटीओ कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने उपमुख्यमंत्री को बताया कि ड्राइविंग लाइसेंस के नाम पर RTO कार्यालय में खुलेआम दलाली चल रही है। बिना सुविधा शुल्क के आम आदमी का काम नहीं होता। साथ ही उन्होंने बताया कि मथुरा का वाहन फिटनेस सेंटर आगरा शिफ्ट कर प्राइवेट कंपनी को दे दिया गया है। इससे वाहन स्वामियों को 60 किमी दूर जाना पड़ रहा है और फिटनेस के नाम पर अवैध वसूली हो रही है।
बैठक में अन्य कई समस्याएं भी उठाई गईं। बताया गया कि आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार कराने में लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है, साथ ही पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड भी नहीं बन पा रहे हैं। वृद्धावस्था पेंशन का मुद्दा भी सामने आया, जिसमें कहा गया कि योग्य बुजुर्गों की पेंशन कई महीनों से लंबित है। इसके अलावा पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग ने नगर निगम क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्यों में हो रही देरी पर चिंता जताई और समय-सीमा के भीतर काम पूरा न होने की बात कही।
Also Read : अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का निधन, लखनऊ में ली अंतिम सांस
श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि कई जगह सड़कें तो बन गई हैं, लेकिन फुटपाथ का निर्माण नहीं हुआ है, जिससे सड़क और फुटपाथ के बीच ऊंचे-नीचे अंतर के कारण रोजाना हादसे हो रहे हैं; हाल ही में एक रिक्शा पलटने से एक व्यक्ति का हाथ भी टूट गया। साथ ही शस्त्र लाइसेंस का मुद्दा भी उठाया गया, जिसमें मांग की गई कि कार्यकर्ताओं और व्यापारियों की सुरक्षा को देखते हुए पात्र लोगों के लिए शस्त्र लाइसेंस देने की प्रक्रिया को सरल बनाया जाए।
जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे ने कहा कि यह आम आदमी की सरकार है, व्यापारियों की सरकार है। RTO की दलाली और फिटनेस सेंटर का खेल बंद होना चाहिए। जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव ने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने खुद बैठक बुलाकर हमारी बात सुनी। उन्होंने 15 दिन में कार्रवाई का भरोसा दिया है।उपमुख्यमंत्री ने DM, SSP, PWD, नगर निगम व समाज कल्याण विभाग को संयुक्त कैंप लगाकर समस्याओं के तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
बैठक में प्रमुख रूप से पूर्व राज्य मंत्री रविकांत गर्ग, जिला अध्यक्ष निर्भय पांडे, जिला महानगर अध्यक्ष हरिशंकर यादव, जिला मीडिया प्रभारी श्याम चतुर्वेदी, जिला उपाध्यक्ष अनिल चौधरी, महामंत्री सतपाल चौधरी, महामंत्री आकाश चौधरी, महामंत्री अमन ठाकुर आदि उपस्थित रहे।












































