तेज आंधी बनी काल! बरेली में टीन शेड समेत हवा में उड़ा युवक, वीडियो वायरल

बरेली: बुधवार सुबह आए भीषण चक्रवाती तूफान और तेज बारिश ने भारी तबाही मचाई। आंवला और भमोरा क्षेत्र के कई गांवों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। तेज हवाओं और बारिश के कारण चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई मवेशी भी हादसों का शिकार हो गए। गांवों में जगह-जगह पेड़ और टिन शेड गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

दीवार और पेड़ गिरने से गई लोगों की जान

नंदगांव के जंगतीरा मजरे में तेज तूफान के दौरान दीवार गिरने से 38 वर्षीय घासीराम मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भमोरा थाना क्षेत्र के नितोई गांव में पेड़ की भारी टहनी गिरने से 65 वर्षीय गोमती देवी ने दम तोड़ दिया। इसके अलावा बेहटा जुनून गांव में टिन शेड गिरने से 61 वर्षीय लिपि की मौत हो गई, जबकि हर्रामपुर गांव में पेड़ गिरने की घटना में सात साल की छात्रा देवकी सक्सेना की जान चली गई।

Also Read: उत्तर प्रदेश में आंधी-तूफान का कहर, 96 लोगों की मौत, सीएम योगी ने किया मुआवजे का ऐलान

मवेशियों की भी हुई मौत

तूफान की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई बड़े पेड़ जड़ से उखड़ गए। तजपुरा नवदिया और दरावनगर गांव में पेड़ों के नीचे दबकर कई गाय और भैंसों की मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, तेज हवाओं ने कई कच्चे और टिन शेड वाले मकानों को भी नुकसान पहुंचाया।

टिन शेड समेत हवा में उड़ा युवक, वीडियो वायरल

भमोरा के बमियाना गांव से तूफान के दौरान का एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। वीडियो में नन्हे नाम का युवक बारात घर के टिन शेड को पकड़कर खड़ा दिखाई दे रहा है। तभी तेज हवा के झोंके के साथ टिन शेड हवा में उड़ गया और युवक भी उसके साथ ऊपर उठ गया। कुछ दूरी पर गिरने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके बाद उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं।

Also Read: ‘सप्ताह में दो दिन वर्क फ्रॉम होम, वीआईपी फ्लीट में 50 फीसदी कटौती…’, ईंधन बचत को लेकर UP सरकार सख्त

पुलिस ने दी घटना की जानकारी

भमोरा थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि क्षेत्र में आए तूफान के कारण कई हादसे हुए हैं। प्रशासन की टीम प्रभावित गांवों का जायजा ले रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)