दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय में प्लेनेटस्पार्क का कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव सम्पन्न, 226 विद्यार्थियों ने लिया भाग, 4.5 लाख से 7.5 लाख वार्षिक पैकेज का अवसर

गोरखपुर। दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय के एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के तत्वावधान में आज प्रतिष्ठित एडटेक कंपनी प्लेनेटस्पार्क द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव की प्रथम चयन प्रक्रिया का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर बैंकिंग एंड इंश्योरेंस, बी.कॉम, एम.कॉम तथा व्यवसाय प्रशासन विभाग के कुल 226 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया आगामी चरणों में भी जारी रहेगी। चयनित विद्यार्थियों को 4.5 लाख रुपये से लेकर 7.5 लाख रुपये वार्षिक वेतन पैकेज प्रदान किया जाएगा।

प्लेनेटस्पार्क देश की अग्रणी एडटेक कंपनियों में से एक है, जो कम्युनिकेशन स्किल, पब्लिक स्पीकिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, इंटरव्यू स्किल एवं ऑनलाइन लर्निंग के क्षेत्र में कार्य कर रही है। कंपनी युवाओं को आधुनिक कॉर्पोरेट एवं प्रोफेशनल स्किल्स से जोड़ने का कार्य कर रही है।

माननीय कुलपति प्रोफेसर पूनम टंडन ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को अधिकतम रोजगार अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुखी एवं उद्योगोन्मुखी शिक्षा प्रदान करने की दिशा में भी निरंतर कार्य कर रहा है।

Also Read : गोरखपुर विश्वविद्यालय में अब स्नातक स्तर पर अतिरिक्त विषय पढ़ने की सुविधा

एम्प्लॉयमेंट ब्यूरो, गाइडेंस एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक प्रोफेसर अजय कुमार शुक्ल ने कहा कि विश्वविद्यालय में प्लेसमेंट प्रक्रिया लगातार आगे बढ़ रही है तथा यह चयन कई चरणों में सम्पन्न होगा। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी अनेक प्रतिष्ठित राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के प्लेसमेंट ड्राइव विश्वविद्यालय में आयोजित होने वाले हैं और कई कंपनियाँ वर्तमान में पाइपलाइन में हैं।उन्होंने कहा,हमारा प्रयास है कि विश्वविद्यालय के अधिक से अधिक विद्यार्थियों को उनकी क्षमता और योग्यता के अनुरूप बेहतर अवसर प्राप्त हों। विश्वविद्यालय और उद्योग जगत के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर (टीओपी) तेजस्वी दुबे ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, कॉर्पोरेट क्षेत्र की अपेक्षाओं तथा प्रोफेशनल स्किल्स के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।

विश्वविद्यालय परिवार ने इस सफल आयोजन को विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएँ दीं।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)