वृंदावन: प्रेमानंद महाराज की तबीयत खराब, पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए रद्द

वृंदावन के प्रसिद्ध संत प्रेमानंद महाराज (Premanand Maharaj) की तबीयत खराब होने के कारण उनकी दैनिक पदयात्रा को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही उनके एकांतिक दर्शन भी फिलहाल बंद कर दिए गए हैं। इस खबर के बाद देशभर से आए हजारों श्रद्धालुओं में निराशा देखने को मिली।  रविवार देर रात बड़ी संख्या में भक्त महाराज जी के दर्शन के लिए वृंदावन पहुंचे थे। रोज की तरह तड़के 3 बजे भक्त उनके पदयात्रा पर निकलने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन इस बार महाराज जी बाहर नहीं आए। बाद में आश्रम के शिष्यों ने लाउडस्पीकर के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी।

 प्रेमानंद महाराज 21 वर्षों से किडनी की बीमारी से पीड़ित

केली कुंज आश्रम के शिष्यों के अनुसार, प्रेमानंद महाराज लंबे समय से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। बताया गया कि पिछले 21 वर्षों से उनका इलाज चल रहा है। हाल ही में स्वास्थ्य अचानक बिगड़ने के बाद डॉक्टरों ने उन्हें पूर्ण आराम करने की सलाह दी है। आश्रम प्रशासन ने भक्तों से सड़क किनारे भीड़ न लगाने और व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की। घोषणा के बाद श्रद्धालुओं को बिना दर्शन किए लौटना पड़ा।

Also Read: वृंदावन में प्रेमानंद महाराज के दरबार में पहुंचे विराट कोहली और अनुष्का शर्मा, जमीन पर बैठकर सुना प्रवचन

कब शुरू होगी पदयात्रा?

भक्त लगातार महाराज जी के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं। गौरतलब है कि प्रेमानंद महाराज प्रतिदिन तड़के केली कुंज आश्रम से लगभग डेढ़ किलोमीटर पैदल चलकर सौभरी वन तक जाते थे। उनकी इस पदयात्रा में शामिल होने और दर्शन पाने के लिए हर दिन हजारों श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं। सामान्य दिनों में करीब 20 हजार भक्त उनके दर्शन के लिए आते हैं। फिलहाल आश्रम की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि पदयात्रा और दर्शन दोबारा कब शुरू होंगे।

देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.