UP: अतिक्रमण के खिलाफ फिर गरजा बुलडोजर, स्टेशन के सामने ध्वस्तीकरण

UP: चंदौली जनपद में जीटी रोड चौड़ीकरण और स्टेशन क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त बनाने की कार्रवाई सोमवार को फिर तेज हो गई। प्रशासन ने भारी पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में स्टेशन के सामने बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला और दुकानदार अपना सामान समेटते नजर आए।

व्यापारियों को मिली थी मोहलत

प्रशासन पिछले सात दिनों से अतिक्रमण हटाओ अभियान चला रहा था। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए प्रशासन ने उन्हें स्वयं निर्माण हटाने के लिए मोहलत दी थी। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद सोमवार को प्रशासनिक टीम ने सख्त रुख अपनाते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू कर दी। जेसीबी मशीनों से स्टेशन के सामने बनी दुकानों और इमारतों के बाहर निकले हिस्सों को तोड़ा गया।

Also Read: UP: पुरानी रंजिश में लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला, पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

प्रथम तल सुरक्षित, नीचे का निर्माण ध्वस्त

अभियान के तहत स्टेशन के सामने बनी बहुमंजिला इमारतों और दुकानों के अवैध हिस्सों को तोड़ा जा रहा है। फिलहाल प्रशासन द्वारा प्रथम तल को सुरक्षित रखते हुए नीचे के अतिरिक्त निर्माण को हटाया जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि स्टेशन के सामने का दृश्य साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए यह कार्रवाई जरूरी है। पीडीयू नगर रेलवे स्टेशन देश के प्रमुख स्टेशनों में से एक है, इसलिए यहां सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

केवल एक मंजिला दुकान की अनुमति

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि दुकानों को केवल एक मंजिला तक ही रखने की अनुमति दी जाएगी। साथ ही व्यापारियों को अंतिम चेतावनी देते हुए कहा गया है कि भविष्य में नियमों का उल्लंघन करने वाले निर्माणों को पूरी तरह हटाया जाएगा। दोबारा अतिक्रमण करने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। जीटी रोड चौड़ीकरण परियोजना को लेकर प्रशासन लगातार सख्त नजर आ रहा है। अधिकारियों का मानना है कि सड़क चौड़ी होने और अतिक्रमण हटने से यातायात व्यवस्था बेहतर होगी तथा स्टेशन क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को राहत मिलेगी। प्रशासन ने संकेत दिया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)