ट्विशा हत्याकांड: भोपाल के कटारा हिल्स क्षेत्र में 31 वर्षीय ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। नोएडा की रहने वाली ट्विशा का शव 12 मई को उनके ससुराल में फंदे से लटका मिला। पुलिस जांच में सामने आया है कि उनकी मुलाकात वर्ष 2024 में एक डेटिंग ऐप के माध्यम से भोपाल के एक वकील से हुई थी। दोनों के बीच रिश्ते गहरे हुए और दिसंबर 2025 में शादी कर ली गई। शादी के बाद ट्विशा भोपाल आकर पति और ससुराल वालों के साथ रहने लगी थीं।
परिवार ने लगाया प्रताड़ना का आरोप
मृतका के परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ट्विशा मानसिक तनाव में थीं और वह कई बार नोएडा लौटने की इच्छा जता चुकी थीं। परिजनों के मुताबिक, घटना वाली रात ट्विशा ने अपने पिता को फोन कर पति और सास द्वारा प्रताड़ित किए जाने की बात कही थी। परिवार का दावा है कि उसने मारपीट की जानकारी भी दी थी।
आखिरी चैट ने बढ़ाई शंका
मामले में ट्विशा की एक इंस्टाग्राम चैट भी सामने आई है। अपनी दोस्त मीनाक्षी से बातचीत में उन्होंने लिखा था, ‘मैं फंस गई हूं, तू मत फंसना। ज्यादा बात नहीं कर सकती, सही समय पर कॉल करूंगी।’ दोस्त ने चिंता जताते हुए उनका साथ देने की बात कही, लेकिन अगला फोन कभी नहीं आया। अगले दिन ट्विशा मृत पाई गईं। बताया जा रहा है कि वह करीब दो महीने की गर्भवती थीं।
सास ने लगाए अलग आरोप
जहां ट्विशा के परिवार ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं सास गिरीबाला सिंह ने दावा किया है कि ट्विशा नशे की आदी थीं और उन्हें मूड स्विंग की समस्या रहती थी। इस बयान पर मृतका की मां ने नाराजगी जताते हुए कहा कि बेटी के निधन के बाद उस पर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं।
पति पर भी लगे नशे के आरोप
ट्विशा के चचेरे भाई आशीष शर्मा ने आरोप लगाया कि परिवार को पहले से ही पति समर्थ सिंह के कथित ड्रग्स सेवन की जानकारी थी। उनका कहना है कि ट्विशा ने गर्भावस्था के दौरान पति के व्यवहार को लेकर चिंता जताई थी। परिवार का दावा है कि ट्विशा ने अपने पिता से कहा था कि उनके पति नशा करते हैं।
शरीर पर चोट के निशान होने का दावा
शुरुआत में पुलिस ने मामले को संदिग्ध आत्महत्या मानकर जांच शुरू की थी, लेकिन परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है। परिवार का कहना है कि ट्विशा के शरीर पर चोट के निशान थे, जिससे हत्या की आशंका मजबूत होती है। परिजनों ने भोपाल एम्स में हुए पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं और आरोप लगाया है कि जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित नहीं रखा गया।
पति और सास के खिलाफ केस दर्ज
पुलिस ने मृतका के पति और सास के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 80(2) के तहत दहेज मृत्यु का मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है।
सबूत मिटाने के एंगल की भी जांच
एसआईटी प्रमुख और सहायक पुलिस आयुक्त रजनीश कश्यप ने बताया कि जांच में दहेज प्रताड़ना, घरेलू हिंसा और घटना के बाद सबूत मिटाने की आशंका सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी पति फिलहाल फरार है और उसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।















































