फर्रुखाबाद में अवैध शराब पर आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन, कई दुकानों पर औचक छापेमारी

फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के निर्देश और जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के आदेश पर रविवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया गया।

जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में विभागीय टीम ने कई शराब दुकानों पर अचानक छापेमारी कर गहन जांच की। अभियान के दौरान आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह अपनी टीम के साथ भोलेपुर स्थित देशी शराब दुकान, नेकपुर चौरासी देशी शराब दुकान, भोलेपुर की कम्पोजिट शॉप और आवास विकास स्थित मॉडल शॉप पहुंचे, जहां औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान दुकानों में मौजूद शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया और उसका मिलान स्टॉक रजिस्टर व अन्य अभिलेखों से कराया गया। इसके साथ ही ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से हो रही बिक्री और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता भी परखी गई।

Also Read : ‘प्यार से मानेंगे ठीक है, नहीं मानेंगे तो दूसरा तरीका अपनाएंगे…’, CM योगी बोले- सड़क पर नमाज नहीं पढ़ने देंगे

आबकारी टीम ने सभी अनुज्ञापियों को सख्त निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों का पूरी तरह पालन किया जाए। साथ ही सभी रिकॉर्ड अपडेट रखने और बिक्री प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने को कहा गया।

विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि यदि किसी दुकान पर अनियमितता पाई गई तो संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध शराब निर्माण या तस्करी की सूचना तत्काल विभाग को देने के निर्देश भी दिए।

जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने कहा कि जनपद में अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)