मोहम्मदाबाद, फर्रुखाबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव हमीरपुर के नगला हरी मजरा में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में घर की छत पर बने बरामदे में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हैरानी की बात यह रही कि परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
जानकारी के अनुसार नगला हरी निवासी सूदन लाल का 26 वर्षीय पुत्र अनुज राजपूत समर और बोरिंग का कार्य करता था। देर शाम उसका शव घर की छत पर बने बरामदे में पंखे के कुंडे से अंगोछे के सहारे लटका मिला। बताया गया कि रात करीब आठ बजे पड़ोसियों की नजर शव पर पड़ी, जिसके बाद उन्होंने परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही परिवार के लोग और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और शव को नीचे उतारा।
मृतक अपने पांच भाइयों में सबसे बड़ा था। उसके परिवार में एक बेटा ऋतिक और दो बेटियां हिमांशी व खुशी हैं। उसकी पत्नी दुर्गा देवी की मायके पक्ष राजेपुर थाना क्षेत्र के भरखा गांव में है।
परिजनों के मुताबिक घटना से कुछ समय पहले अनुज अपनी पत्नी को मोहम्मदाबाद छोड़ने गया था। वहां से लौटने के बाद उसने यह कदम क्यों उठाया, इस बारे में परिवार के लोग भी कोई स्पष्ट वजह नहीं बता सके।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं। वहीं मोहम्मदाबाद के प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी ने बताया कि मामले में पुलिस को कोई सूचना या तहरीर नहीं दी गई है। यदि शिकायत मिलती है तो जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।










































