फर्रुखाबाद में बिजली व्यवस्था को मिली बड़ी मजबूती, 5 MVA ट्रांसफार्मर शुरू होने से सात से अधिक मोहल्लों को मिलेगी राहत

फर्रुखाबाद। भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। बिजली संकट, लो-वोल्टेज और ओवरलोडिंग की समस्या से जूझ रहे लोगों को अब काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है। मंगलवार को ठंडी सड़क स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सदर विधायक मेजर सुनील दत्त द्विवेदी ने नए 5 एमवीए क्षमता वाले ट्रांसफार्मर का विधिवत पूजा-अर्चना और नारियल फोड़कर उद्घाटन किया।

इस नए ट्रांसफार्मर के चालू होने से शहर के कई प्रमुख इलाकों में बिजली आपूर्ति पहले की तुलना में अधिक सुचारू और निर्बाध हो सकेगी। खासकर गर्मियों में बढ़ने वाले लोड के कारण जो बार-बार फाल्ट, ट्रिपिंग और ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्याएं सामने आती थीं, उनसे अब काफी राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Also Read : फर्रुखाबाद के लोहिया अस्पताल में बत्ती गुल : भीषण गर्मी में मरीजों का हाल बेहाल, मोबाइल टॉर्च की रोशनी में हुआ इलाज

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार नए ट्रांसफार्मर के साथ अलग-अलग क्षेत्रों के लिए नए फीडरों का भी निर्माण किया गया है, जिससे सप्लाई व्यवस्था और मजबूत होगी। नए कोल्ड फीडर से देवरामपुर, स्टेशन रोड, शिव नगर कॉलोनी और घेर शामू खां क्षेत्र को बेहतर बिजली आपूर्ति मिलेगी। वहीं डिग्गी ताल फीडर से तलैया फजल इमाम मोहल्ले की सप्लाई को सुधारा जाएगा। इसके अलावा महावीर गंज फीडर के जरिए काली देवी, इस्माईलगंज, मदर वादी, महावीर गंज, सुनहरी मस्जिद और नितगंजा जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों में लो-वोल्टेज और बार-बार बिजली कटौती की समस्या पर नियंत्रण पाया जा सकेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्युत विभाग के अधिशाषी अभियंता (शहरी) समेत कई अधिकारी, कर्मचारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने दावा किया कि नए सिस्टम से न केवल ओवरलोडिंग की समस्या कम होगी बल्कि लाइन लॉस पर भी नियंत्रण लगेगा, जिससे शहर की बिजली व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत और भरोसेमंद बनेगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)