दहेज की डिमांड बनी मौत की वजह! 14 महीने में उजड़ गई दीपिका नागर की जिंदगी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खड़े किए बड़े सवाल

ग्रेटर नोएडा के जलपुरा गांव में 24 वर्षीय विवाहिता दीपिका नागर की संदिग्ध मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आई चोटों और अंदरूनी रक्तस्राव के तथ्यों ने इस घटना को लेकर कई नए सवाल खड़े कर दिए हैं। मायके पक्ष ने इसे दहेज हत्या बताया है, जबकि पुलिस शुरुआती जांच में आत्महत्या की बात कह रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार दीपिका के शरीर पर कई बाहरी और अंदरूनी चोटों के निशान पाए गए। बाएं हाथ की कोहनी और फोरआर्म पर चोट दर्ज की गई, जबकि दाहिनी जांघ पर लगभग 38 सेंटीमीटर लंबा और 14 सेंटीमीटर चौड़ा गहरा नीला निशान मिला। बाएं घुटने पर हड्डी तक गहरा घाव भी पाया गया। इसके अलावा कमर, पेट के निचले हिस्से और दाहिने कूल्हे के ऊपर अंदरूनी चोटें दर्ज की गईं। शरीर के कई हिस्सों पर दबाव और मारपीट जैसे निशान भी पाए गए हैं।

अंदरूनी जांच में मिले चौंकाने वाले तथ्य

डॉक्टरों की आंतरिक जांच में मस्तिष्क के मध्य और बायीं ओर हेमेटोमा यानी खून का थक्का मिला। तिल्ली फटी हुई पाई गई और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी रक्तस्राव दर्ज किया गया। रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि हृदय के चैंबर खाली थे और बायीं किडनी पीली पाई गई। विशेषज्ञों के अनुसार ऐसी स्थिति अत्यधिक रक्तस्राव या गंभीर शारीरिक आघात की ओर संकेत करती है। बाएं कान से खून निकलने की बात भी सामने आई है।

विसरा जांच के लिए भेजा गया

मामले में किसी विषैले पदार्थ की आशंका को देखते हुए विसरा सुरक्षित कर जांच के लिए भेजा गया है। फिलहाल मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक और विसरा रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Also Read: ‘डेटिंग ऐप पर प्यार, शादी के 5 महीने में मौत…’, ट्विशा हत्याकांड की चौंकाने वाली कहानी

दहेज हत्या का आरोप, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

दीपिका के पिता संजय नागर ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ना और हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि शादी 11 दिसंबर 2024 को हुई थी और विवाह में स्कॉर्पियो गाड़ी तथा करीब एक करोड़ रुपये का दहेज दिया गया था। इसके बावजूद ससुराल पक्ष फॉर्च्यूनर कार और अतिरिक्त नकदी की मांग कर रहा था। परिजनों का आरोप है कि मांग पूरी न होने पर दीपिका को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था।

घटना से पहले भी हुई थी मारपीट

पिता के अनुसार घटना वाले दिन भी दीपिका ने फोन कर अपने साथ मारपीट होने की जानकारी दी थी। इसके बाद परिवार के लोग जलपुरा पहुंचे, जहां ससुराल पक्ष का व्यवहार आक्रामक बताया गया। रात करीब 11 बजे दीपिका के ससुर ने फोन कर बताया कि वह छत से गिर गई है। परिवार जब अस्पताल पहुंचा तो दीपिका मृत अवस्था में मिली। परिजनों ने शरीर पर कई चोटों और खून के निशान देखने का दावा किया है।

पति और ससुर गिरफ्तार, अन्य आरोपी फरार

ईकोटेक-3 थाना पुलिस ने दीपिका के पति ऋतिक और ससुर मनोज को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वहीं सास पूनम, ननद नेहा और तन्नी समेत अन्य आरोपी घर छोड़कर फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस की चार टीमें उनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही हैं। आरोपियों के मोबाइल फोन भी बंद बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने क्या कहा?

डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जलपुरा गांव से महिला के छत से गिरने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

(देश और दुनिया की खबरों के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, आप हमें ट्विटर पर भी फॉलो कर सकते हैं.)