अमेठी: राहुल गांधी ने बुधवार को गौरीगंज क्षेत्र के तेजी का पुरवा स्थित कार्यक्रम स्थल पर आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में केंद्र सरकार, भाजपा और आरएसएस पर जमकर निशाना साधा। मंच पर उनके साथ किशोरी लाल शर्मा, अजय राय और पूर्व मंत्री आशीष शुक्ला मौजूद रहे। सम्मेलन में हजारों की संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि ‘संविधान हिंदुस्तान की आवाज है’ और पिछले 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने लगातार संविधान पर हमला किया है।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार का काम देश और अर्थव्यवस्था की रक्षा करना है, लेकिन बीते वर्षों में जनता की समस्याओं पर ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि आरएसएस से जुड़े लोगों को विश्वविद्यालयों में कुलपति बनाया जा रहा है और देश की संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।
अडानी और अंबानी देश नहीं बचा सकते
अपने संबोधन में राहुल गांधी ने उद्योगपति गौतम अडानी और मुकेश अंबानी का जिक्र करते हुए कहा कि “अब अडानी और अंबानी इस देश को नहीं बचा सकते।” उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि किसानों को खाद उपलब्ध कराई जानी चाहिए। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि वोट चोरी संविधान पर हमला है और देश की संपत्ति चुनिंदा उद्योगपतियों को देना भी संविधान के खिलाफ है।
भाषण में जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र
भाषण के दौरान राहुल गांधी ने जॉर्जिया मेलोनी का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तंज कसा। उन्होंने कहा कि देश आर्थिक चुनौतियों से जूझ रहा है, पेट्रोल की खपत कम करने और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को बढ़ाने की जरूरत है, लेकिन सरकार प्रचार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई बढ़ रही है, कारोबार प्रभावित हो रहे हैं और सरकार आर्थिक मोर्चे पर मजबूत तैयारी नहीं कर सकी। राहुल गांधी ने कहा कि “जो आर्थिक दीवार सरकार को खड़ी करनी थी, वह नहीं की गई। अब सिर्फ मजाक और प्रचार चल रहा है।”
Also Read: राहुल गांधी का खास मैसेज लेकर आए कांग्रेस नेता, मायावती ने गेट से लौटाया
अमेठी मेरी कर्मभूमि है
अमेठी से अपने पुराने रिश्ते का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा, “अमेठी मेरी कर्मभूमि है। मेरे पिता, माता और बहन सभी को अमेठी ने प्यार दिया है। दिल से मैं आपका धन्यवाद करता हूं।” उन्होंने कहा कि अगली बार वह अपनी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा को भी अमेठी लेकर आएंगे।











































