सुल्तानपुर : सुल्तानपुर जिले में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में गोहत्या का एक आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर अस्पताल भेज दिया। बीते चार दिनों में पुलिस ने मुठभेड़ के जरिए तीन गोहत्या के आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
मुठभेड़ का पूरा मामला
मुठभेड़ अखंडनगर थाना क्षेत्र के रायपुर गांव के पास हुई। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे थाना प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार वर्मा को सूचना मिली कि गोहत्या में शामिल कुछ आरोपी किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी में हैं।
थाना प्रभारी ने चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह के साथ टीम गठित कर इलाके में घेराबंदी कर दी। बदमाशों ने पुलिस टीम को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। पुलिस ने घायल आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। उसके साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद अनवर (30 वर्ष) के रूप में हुई है। वह जौनपुर जिले के पटैला थाना खुटहन का निवासी है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर गोहत्या समेत कई आपराधिक मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। एएसपी बृजनारायण सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। घायल आरोपी को पहले सीएचसी अखंडनगर ले जाया गया, जहां से उसे मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पिछले चार दिनों में तीन गिरफ्तारियां
– 11 मई को तिंदौली खेमपुर में 24 मृत गोवंश के शव मिलने का मामला सामने आया था। इस मामले में मो. आसिफ को सोमवार रात मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया था। उसके दो साथी फरार हैं।
– मंगलवार रात जयसिंहपुर के हालापुर में हुई मुठभेड़ में जौनपुर के विनोद यादव को गिरफ्तार किया गया। उसके पैर में गोली लगी थी। उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने गोहत्या के मामलों में सख्ती बरतते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। सुल्तानपुर पुलिस का दावा है कि गोहत्या के गिरोहों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है।













































